भोपाल। थाना टीलाजमालपुरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुम हुए 12 वर्षीय नाबालिग बालक को महज एक घंटे के भीतर दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बेटे को सकुशल देख पिता के चेहरे पर फिर से खोई हुई खुशी लौट आई। पुलिस के अनुसार 18 फरवरी 2026 को लक्ष्मी नारायण पंथी (52) निवासी काली मंदिर के पास, टीलाजमालपुरा क्षेत्र ने सूचना दी कि वे सुबह काम पर गए थे और अपने 12 वर्षीय पुत्र सौरभ पंथी को घर पर छोड़कर गए थे। काम से लौटने पर बालक घर पर नहीं मिला। परिजनों ने मोहल्ले और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर थाना पहुंचकर सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत तत्काल टीम गठित कर साइबर सेल की सहायता से तलाश शुरू की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बालक को चांदबड़ क्षेत्र से महज एक घंटे में दस्तयाब कर लिया।आवश्यक कार्रवाई के बाद बालक को उसके पिता के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस की तत्परता से परिजनों ने राहत की सांस ली और टीम का आभार व्यक्त किया।