दादाजी धाम में संत श्री रामकृष्ण परमहंस जी का प्राकट्य दिवस आज गुरुवार को श्रद्धा-भक्ति से मनाया जाएगा।

जागृत एवं दर्शनीय तीर्थ स्थल दादाजी धाम मंदिर, रायसेन रोड, पटेल नगर, भोपाल में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी संत श्री रामकृष्ण परमहंस जी का पावन प्राकट्य दिवस आज गुरुवार को अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक उल्लास के वातावरण में मनाया जाएगा। इस पावन अवसर पर भोपाल नगर एवं आसपास के विभिन्न क्षेत्रों से संत श्री रामकृष्ण परमहंस जी के अनन्य श्रद्धालु भक्त बड़ी संख्या में दादाजी धाम मंदिर में पधारकर धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागी बनेंगे तथा पुण्य लाभ अर्जित करेंगे। कार्यक्रम के अंतर्गत प्रातः 10:00 बजे गर्भगृह परिक्रमा में विराजमान संत श्री रामकृष्ण परमहंस जी का यजमान द्वारा विद्वान पंडितजनों के सान्निध्य में विधि-विधानपूर्वक अभिषेक, पूजन, अर्चना, आरती एवं हवन संपन्न किया जाएगा। संत श्री रामकृष्ण परमहंस जी भारत के महान संत, योगी एवं आध्यात्मिक गुरु थे। वे माँ काली के अनन्य भक्त थे तथा गहन साधना के माध्यम से ईश्वर साक्षात्कार की अनुभूति प्राप्त की। उनका जीवन सत्य, भक्ति, प्रेम और सर्वधर्म समभाव का अनुपम संदेश देता है। श्री श्री 1008 श्री दादाजी गुरुदेव चैरिटेबल ट्रस्ट एवं दादाजी धाम परिवार की ओर से समस्त श्रद्धालु भक्तों से विनम्र अनुरोध है कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस पावन अवसर के साक्षी बनें एवं आध्यात्मिक पुण्य लाभ प्राप्त करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *