एकता, संस्कृति और उल्लास का प्रतीक बना लोहड़ी महोत्सव, महिलाओं के सम्मान और संस्कृति के उत्सव के रूप में मनाई गई लोहड़ी

भोपाल। एका वेलफेयर फाउंडेशन एवं पंजाबी साहित्य अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में लोहड़ी पर्व का भव्य एवं सांस्कृतिक आयोजन रविवार, 11 जनवरी 2026 को रविन्द्र भवन, भोपाल में सम्पन्न हुआ। यह आयोजन शाम 7:30 बजे प्रारंभ हुआ और देर रात तक उल्लास, संगीत और परंपरा के रंगों में सराबोर रहा। आयोजन के दूसरे वर्ष में प्रवेश कर चुके इस महोत्सव ने न केवल सिख समाज बल्कि अन्य समाजों के हजारों लोगों को एक सूत्र में बांधते हुए सामाजिक सौहार्द और सांस्कृतिक एकता का सशक्त संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक विधि-विधान के साथ लोहड़ी प्रज्ज्वलन से हुआ, जिसमें मध्य प्रदेश शासन के मंत्री विश्वास कैलाश सारंग एवं दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक भगवानदास सबनानी की गरिमामयी उपस्थिति रही।लोकगीतों के बीच लोहड़ी जलाए जाने के साथ ही समृद्धि, सुख-शांति और खुशहाली की कामना की गई। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह ने परंपरागत उल्लास के साथ पर्व की गरिमा को जीवंत कर दिया।

एकता और संस्कृति के इस महोत्सव का कुशल संचालन एका वेलफेयर फाउंडेशन की अध्यक्ष नेहा बग्गा एवं पंजाबी साहित्य अकादमी के प्रदेश अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह खनूजा के नेतृत्व में किया गया। उनके प्रयासों से यह आयोजन केवल एक पर्व तक सीमित न रहकर सामाजिक समरसता, महिला सशक्तिकरण और सांस्कृतिक चेतना का प्रभावी मंच बन सका। आयोजन में पंजाब से आए प्रसिद्ध कलाकारों और संगीतकारों ने पारंपरिक गीतों, ढोल और भांगड़ा प्रस्तुतियों से ऐसा समां बांधा कि पूरा रविन्द्र भवन पंजाबी रंग में रंग गया। युवा, महिलाएं और वरिष्ठजन ढोल की थाप पर झूमते नजर आए और गिद्धे-भांगड़े ने पूरे वातावरण को जीवंत कर दिया।

अमृतप्रीत कौर: भोपाल की नई वंडर स्विमर

लोहड़ी महोत्सव के दौरान पारंपरिक पंजाबी व्यंजनों के आकर्षक स्टाल भी लगाए गए, जहां सरसों का साग, मक्के की रोटी, रेवड़ी, मूंगफली और पारंपरिक मिठाइयों ने स्वाद और संस्कृति का अनूठा संगम प्रस्तुत किया। आयोजन में महिलाओं के नेतृत्व और सामाजिक योगदान को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। “लोहड़ी फेस्ट 2026 – ए ट्रिब्यूट टू वीमेन हू लीड एंड इंस्पायर” थीम के अंतर्गत अमृतप्रीत कौर, जपनीत कौर, प्रीति सालुजा, सुरजीत कौर, हेमांगी अरोड़ा, डॉ. जगमीत कौर चावला सहित कई प्रेरणादायी महिलाओं को सम्मानित किया गया, वहीं समाजसेवा और कर्तव्यनिष्ठा के लिए टीआई भूपेंद्र संधु को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष परमवीर सिंह वजीर, एमआईसी सदस्य एवं पार्षद राजेश हिंगोरानी सहित राजनीति, समाज और प्रशासन से जुड़े अनेक वरिष्ठजन उपस्थित रहे, जिससे आयोजन की गरिमा और व्यापकता और भी बढ़ गई। इस अवसर पर एका वेलफेयर फाउंडेशन की अध्यक्ष नेहा बग्गा ने कहा कि लोहड़ी केवल एक पर्व नहीं बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत, आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य समाज को जोड़ना, महिलाओं को सम्मान देना और आने वाली पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ना है तथा भविष्य में इसे और अधिक व्यापक स्वरूप दिया जाएगा।

कुल मिलाकर, रविन्द्र भवन में आयोजित यह लोहड़ी महोत्सव 2026 उत्साह, उल्लास और परंपरा का ऐसा संगम बनकर उभरा, जिसने भोपाल के सांस्कृतिक परिदृश्य में एक यादगार छाप छोड़ी और सामाजिक एकता का सशक्त संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *