वीर बाल दिवस पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हमीदिया रोड गुरुद्वारे में मत्था टेका, साहिबजादों के शौर्य को किया नमन

भोपाल। श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के वीर साहिबजादों की महान शहादत को समर्पित “वीर बाल दिवस” के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के हमीदिया रोड स्थित गुरुद्वारा पहुँचकर मत्था टेका एवं आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने साहिबजादों के जीवन, त्याग और अद्भुत वीरता पर आधारित चित्र प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि गुरु गोबिंद सिंह जी के साहिबजादों का बलिदान भारतीय इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। अल्पायु में राष्ट्र और धर्म की रक्षा के लिए दिए गए उनके सर्वोच्च बलिदान से देश को सदैव प्रेरणा मिलती रहेगी। उन्होंने कहा कि साहिबजादों का जीवन साहस, धर्मनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति का अनुपम उदाहरण है।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी उपस्थित रहे। उन्होंने गुरुद्वारा में मत्था टेककर वीर साहिबजादों को नमन किया और वीर बाल दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर भोपाल सांसद आलोक शर्मा, विधायक भगवानदास सबेरनी, भाजपा जिला अध्यक्ष रविंद्र यति, प्रदेश प्रवक्ता नेहा बग्गा, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी अध्यक्ष परमवीर सिंह वजीर, सह मीडिया प्रभारी अंशुल तिवारी सहित जनप्रतिनिधि, पदाधिकारीगण एवं सामाजिक बंधु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से साहिबजादों के अद्वितीय शौर्य, त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए नई पीढ़ी को उनके आदर्शों पर चलने का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *