ओडिशा से मध्य प्रदेश लाया जा रहा 599 किलोग्राम गांजा ट्रक सहित जब्त

एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार

भोपाल। मध्य प्रदेश एसटीएफ ने मादक पदार्थों के अवैध परिवहन के विरुद्ध एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए ओडिशा से मध्य प्रदेश लाया जा रहा 599 किलोग्राम गांजा ट्रक सहित जब्त किया है। जब्त गांजे की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 1 करोड़ 80 लाख रुपये तथा ट्रक की कीमत लगभग 30 लाख रुपये आंकी गई है।

ट्रक में लोहे की चादरों से विशेष रूप से तैयार किया गया गुप्त कम्पार्टमेंट बनाया गया था, जो बाहर से दिखाई नहीं देता था। इसी कम्पार्टमेंट में गांजे के पैकेट छिपाकर अवैध परिवहन किया जा रहा था।

यह कार्रवाई छत्तीसगढ़–मध्य प्रदेश सीमा के समीप जिला अनूपपुर के थाना जेतहरी क्षेत्र अंतर्गत घने जंगल मार्ग पर की गई। पुलिस महानिदेशक मध्य प्रदेश कैलाश मकवाणा के निर्देशन में प्रदेशभर में “नशा से दूरी” अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत एसटीएफ प्रमुख / विशेष पुलिस महानिदेशक पंकज कुमार श्रीवास्तव के सशक्त मार्गदर्शन में तथा पुलिस अधीक्षक एसटीएफ जबलपुर राजेश सिंह भदौरिया के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई।

गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक एसटीएफ जबलपुर राजेश सिंह भदौरिया द्वारा दो विशेष टीमें गठित की गईं। इन टीमों का नेतृत्व उप पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार तिवारी एवं निरीक्षक गणेश सिंह ठाकुर द्वारा किया गया। कार्रवाई के दौरान संभल (ओडिशा) से मैहर (मध्य प्रदेश) जा रहे ट्रक क्रमांक JH 02 BL 7103 को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें से 599 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। ट्रक के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया जिसमें अंकित विश्वकर्मा निवासी जिला सीधी, धनंजय सिंह पटेल निवासी जिला सतना शामिल है।आरोपियों से गांजे के स्रोत, अवैध परिवहन नेटवर्क तथा विक्रेता–क्रेता से संबंधित जानकारी को लेकर विस्तृत पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *