भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर जनजाति गौरव दिवस मनाया, बालिस्ता रावत और बी. शक्ति राव ने किया माल्यार्पण

भोपाल। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजाति गौरव दिवस के अवसर पर तरुण पुष्कर तिराहे पर भव्य आयोजन किया गया। भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं भोपाल जिला प्रभारी बालिस्ता रावत की उपस्थिति में मोर्चा जिलाध्यक्ष और पार्षद बी. शक्ति राव के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बालिस्ता रावत ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को झारखंड के रांची जिले में हुआ था। वे एक महान आदिवासी नेता, क्रांतिकारी और स्वतंत्रता सेनानी थे, जिन्होंने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए ब्रिटिश शासन के विरुद्ध संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि जनजाति समाज के लिए बिरसा मुंडा केवल प्रेरणा ही नहीं, बल्कि भगवान के समान पूजनीय हैं। जिलाध्यक्ष बी. शक्ति राव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की केंद्र और राज्य सरकारें जनजाति महापुरुषों के स्मारकों, जन्मस्थलों और शहादत स्थलों को संरक्षित करने तथा उनकी प्रतिमाएं स्थापित कर उन्हें सम्मान देने का सतत कार्य कर रही हैं। उन्होंने बताया कि जनजाति समाज के आर्थिक सशक्तिकरण, शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में सरकार द्वारा अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में मोर्चा जिला महामंत्री नवीन धुर्वे, जिला महामंत्री पुष्पा केवट, जिला मीडिया प्रभारी भास्कर राव, धर्मेंद्र सिंह पाल समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। आयोजन के दौरान जनजाति समाज की गौरवशाली परंपरा और वीर विरासत को नमन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *