भोपाल के संकल्प दीक्षित का UPSC में चयन, हासिल की ऑल इंडिया 67वीं रैंक

रिजर्व लिस्ट 2024 में शामिल होकर भोपाल का बढ़ाया गौरव

भोपाल। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2024 की रिजर्व लिस्ट में भोपाल के संकल्प दीक्षित ने शानदार सफलता हासिल की है। उन्होंने ऑल इंडिया 67वीं रैंक प्राप्त कर राजधानी और मध्यप्रदेश का नाम रोशन किया है। संकल्प दीक्षित प्रतिष्ठित व्यवसायी विवेक दीक्षित एवं स्वप्निल दीक्षित के पुत्र हैं और लक्ष्मी परिसर, ई-8, भोपाल के निवासी हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा बाल भवन स्कूल से पूरी की थी, जहां हाई स्कूल में 10 CGPA और हायर सेकेंडरी में 96.4% अंक प्राप्त किए। इसके बाद संकल्प ने एनआईटी त्रिची से केमिकल इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री गोल्ड मेडल के साथ पूरी की। उन्होंने बचपन से ही समाज सेवा और प्रशासनिक क्षेत्र में योगदान देने का संकल्प लिया था, जो अब साकार हुआ है। संघ लोक सेवा आयोग द्वारा हाल ही में जारी UPSC रिजर्व लिस्ट 2024 में कुल 114 उम्मीदवारों की सिफारिश की गई है, जिनमें संकल्प भी शामिल हैं। इनमें 94 सामान्य वर्ग, 5 ईडब्ल्यूएस, 13 ओबीसी, 1 एससी और 1 एसटी वर्ग के उम्मीदवार हैं। इन्हें विभिन्न केंद्रीय सेवाओं में नियुक्त किया जाएगा। UPSC ने बताया कि यह रिजर्व लिस्ट सिविल सेवा परीक्षा नियम 2024 के नियम 20(4) और 20(5) के तहत जारी की गई है। वहीं, चयनित 114 उम्मीदवारों में से 15 की उम्मीदवारी फिलहाल अस्थायी है, जिनकी नियुक्ति दस्तावेज़ सत्यापन और पात्रता जांच के बाद की जाएगी। संकल्प दीक्षित की इस सफलता से न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे भोपाल में हर्ष और गर्व का माहौल है। शहरवासियों ने उन्हें उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *