उज्जैन में महाशिवरात्रि पर प्रज्ज्वलित होंगे 21 लाख दीये -मुख्यमंत्री चौहान

गिनीज़ वर्ल्ड रिकार्ड बनाया जाएगा जन-सहभागिता से सफल होगा “शिव ज्योति अपर्णम् 2023″मुख्यमंत्री ने की उज्जैन में महाशिवरात्रि दीपोत्सव की तैयारियों की समीक्षा

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि उज्जैन में 18 फरवरी को महाशिवरात्रि का पर्व दीपावली की तरह मनाया जाएगा। महाकाल महालोक का स्वरूप देश सहित सम्पूर्ण विश्व में चर्चा का विषय है। महाशिवरात्रि पर अवंतिका वासी 21 लाख दीप प्रज्ज्वलित कर महाकाल के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रकट करेंगे। समाज और शासन की सहभागिता से ही यह अभूतपूर्व आयोजन संभव होगा। मुख्यमंत्री चौहान उज्जैन में 18 फरवरी महाशिवरात्रि पर 21 लाख दीप प्रज्ज्वलन के महाअभियान की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे। मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में हुई बैठक में अपर मुख्य सचिव गृह डॉ. राजेश राजौरा, प्रमुख सचिव सुखबीर सिंह, संचालक संस्कृति तथा संस्कृति विभाग के अधिकारी सम्मिलित हुए। उज्जैन से उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव, कमिश्नर, कलेक्टर तथा अन्य अधिकारी वर्चुअली जुड़े।

मंदिर, घाट और शहर के प्रमुख स्थलों पर होगी साज-सज्जा

उज्जैन में शिव ज्योति अपर्णम् में क्षिप्रा नदी के घाटों सहित शहर के मंदिर, समस्त व्यावसायिक स्थल और घर-घर में दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। विद्युत साज-सज्जा के साथ प्रमुख स्थानों पर रंगोली और साज-सज्जा के अन्य उपक्रम भी होंगे। क्षिप्रा नदी के तट पर केदारेश्वर घाट पर 3 लाख 10 हजार, सुनहरी घाट पर 1 लाख 75 हजार, दत्त अखाड़ा पर 4 लाख 50 हजार, राम घाट से बंबई धर्मशाला पर 2 लाख 50 हजार, बंबई धर्मशाला से नरसिंह मंदिर तक 3 लाख 75 हजार और भूखी माता मंदिर की ओर माली घाट पर 4 लाख 75 हजार दीप प्रज्ज्वलित करने की योजना है। इस कार्य में लगभग 20 हजार स्वयं-सेवकों की भागीदारी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *