लव जिहाद और नशे के खिलाफ शपथ, बहनों के लिए गाया गीत, हर घर तिरंगा अभियान में उमड़ा उत्साह
भोपाल। नरेला विधानसभा में रक्षाबंधन महोत्सव और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का अनोखा संगम देखने को मिला। वार्ड 78 और 69 में आयोजित रक्षाबंधन महोत्सव के दूसरे दिन 18,546 बहनों ने मंत्री विश्वास कैलाश सारंग को राखी बांधकर स्नेह और आशीर्वाद दिया। इसी दिन अशोका गार्डन से वार्ड 69 के विभिन्न मार्गों तक भव्य तिरंगा यात्रा भी निकाली गई, जिसमें देशभक्ति का अद्भुत उत्साह देखने को मिला। रक्षाबंधन महोत्सव में मंत्री सारंग ने बहनों को लव जिहाद और नशे के खिलाफ जागरूक रहने की शपथ दिलाई और उनके लिए गीत भी गाया। उन्होंने कहा कि हिंदू बहन-बेटियों को इन कुचक्रों में नहीं फंसने देंगे। यह केवल सांस्कृतिक संरक्षण नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों की सुरक्षा का संकल्प है। इसके लिए विश्वास विजय वाहिनी के माध्यम से घर-घर जनजागरण किया जाएगा। मंत्री ने स्पष्ट किया कि नरेला रक्षाबंधन महोत्सव कोई राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि नरेला परिवार की लाखों बहनों के विश्वास का बंधन है, जो उन्हें जनसेवा की शक्ति देता है। महोत्सव के दौरान कतारबद्ध होकर आई बहनों ने राखी बांधी। बुजुर्ग बहनों ने आशीर्वाद दिया। सभी को उपहार स्वरूप छाता, महाकाल का चित्र, अभिमंत्रित रुद्राक्ष और गंगाजल भेंट किया गया। कार्यक्रम स्थल पर बग्गी, डीजे, ढोल-ताशों, आतिशबाजी और पुष्पवर्षा के साथ सारंग का स्वागत किया गया।
तिरंगा यात्रा में हर वर्ग और आयु के लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के उद्घोष किए। स्थानीय रहवासियों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देशभक्ति की भावना को और मजबूत कर रहा है। उन्होंने 15 अगस्त तक हर घर, संस्थान और प्रतिष्ठान पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया। 13 अगस्त को महोत्सव वार्ड 39-40 चाणक्यपुरी मैदान और वार्ड 75 कनक मैरिज गार्डन में आयोजित होगा, जहां हजारों बहनें राखी बांधने पहुंचेंगी।