विश्वास विजय वाहिनी की महिलाएं चलाएंगी घर-घर जनजागरूकता अभियान
भोपाल। विश्व का सबसे बड़ा रक्षाबंधन महोत्सव नरेला रक्षाबंधन महोत्सव इस वर्ष लव जिहाद के खिलाफ लड़ाई को समर्पित होगा। हर साल की तरह इस बार भी नरेला विधानसभा और भोपाल की लाखों बहनें सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग को राखी बांधेंगी और लव जिहाद के खिलाफ एकजुट होकर संकल्प लेंगी। आयोजन 11 अगस्त से 20 अगस्त तक चलेगा।
मंत्री सारंग ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम, 2021 के तहत गैरकानूनी धर्मांतरण पर सख्ती से रोक लगा रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी बहन-बेटी को धोखे से धर्म परिवर्तन के जाल में फंसने नहीं दिया जाएगा। इसी उद्देश्य से इस वर्ष का महोत्सव लव जिहाद के खिलाफ जनजागरूकता की मुहिम के रूप में मनाया जाएगा।
इस दौरान विश्वास विजय वाहिनी की महिलाएं नरेला विधानसभा के मोहल्लों और कॉलोनियों में घर-घर जाकर लोगों, विशेषकर महिलाओं और लड़कियों को लव जिहाद के बारे में जागरूक करेंगी, कानूनी प्रावधानों की जानकारी देंगी और पीड़ित परिवारों को कानूनी सलाह भी उपलब्ध कराएंगी।
सारंग ने बताया कि महोत्सव में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, सावन के गीत, झूले, मेहंदी और चूड़ियों के स्टॉल जैसे आकर्षण होंगे, ताकि बहनों को मायके जैसा माहौल मिले। इस बार आयोजन में ‘लव जिहाद के खिलाफ बहनों का संकल्प और समाज की सुरक्षा के लिए जनजागरण’ का विशेष संदेश जोड़ा गया है।
नरेला रक्षाबंधन महोत्सव का यह 17वां वर्ष है। बीते 16 वर्षों से यह आयोजन बहन-बेटियों की सुरक्षा और सम्मान का प्रतीक बन चुका है और विश्व रिकॉर्ड में भी दर्ज है। इस बार आयोजन से पहले ही लाखों बहनों का ऑफलाइन और ऑनलाइन पंजीयन हो चुका है। पिछले वर्ष 1,82,529 बहनों ने राखी बांधकर रिकॉर्ड बनाया था, जिसे इस वर्ष तोड़ने की संभावना है।
महोत्सव का शुभारंभ सोमवार को दोपहर 1 बजे वार्ड 44 सुभाष नगर खेल मैदान और 3 बजे वार्ड 38 एकतापुरी दशहरा मैदान से होगा। नरेला विधानसभा के सभी 17 वार्डों में यह आयोजन किया जाएगा।