भोपाल मंडल द्वारा अनियमित यात्राओं पर रोक लगाने और अधिकृत यात्रियों को सुगम सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से विशेष टिकट जांच अभियानों का संचालन किया जा रहा है। मंडल रेल प्रबंधक देवाशीष त्रिपाठी के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया के निर्देशन में यह अभियान चलाया गया।
15 मई को इटारसी स्टेशन पर सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक ‘किलाबंदी’ टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व अरुण श्रीवास्तव, मुख्य टिकट निरीक्षक, भोपाल ने किया, जिसमें 31 टिकट चेकिंग स्टाफ शामिल थे। स्टेशन परिसर के सभी बाहर जाने वाले मार्गों की घेराबंदी कर दी गई थी ताकि कोई भी यात्री बिना जांच बाहर न निकल सके।
अभियान के दौरान कुल 33 ट्रेनों के यात्रियों के टिकटों की जांच की गई। जांच में 202 यात्री बिना टिकट यात्रा करते हुए पकड़े गए, जिनसे ₹1,59,815 का जुर्माना वसूला गया। वहीं, 224 यात्री अनुचित टिकट के साथ यात्रा करते पाए गए, जिनसे ₹1,10,355 वसूले गए। इसके अलावा 2 मामलों में यात्रियों से बिना बुकिंग सामान ले जाने या गंदगी फैलाने के आरोप में ₹200 का जुर्माना लिया गया।इस तरह कुल 428 मामलों में ₹2,70,370 का रेल राजस्व प्राप्त हुआ।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि इस प्रकार के ‘किलाबंदी’ टिकट जांच अभियान रेलवे द्वारा यात्रियों में जागरूकता लाने और अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से किए जाते हैं। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि यात्रा से पूर्व वैध टिकट अवश्य लें। प्रतीक्षा सूची ई-टिकट और प्लेटफॉर्म टिकट पर यात्रा करना अनुमन्य नहीं है। यात्री IRCTC की वेबसाइट, मोबाइल ऐप या UTS ऐप के माध्यम से आसानी से टिकट बुक कर सकते हैं।