250 बच्चों ने हाथ उठाकर लिया स्वच्छता का संकल्प, बोले- भोपाल को नंबर-1 बनाएंगे

भोपाल। राजधानी को स्वच्छता सर्वेक्षण में नंबर-1 बनाने के संकल्प के साथ शासकीय हाई स्कूल हबीबगंज बीएचईएल में ‘स्वच्छ भोपाल- बच्चों की पहल’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। गुरसेवा एजुकेशन एंड हेल्थ वेलफेयर सोसाइटी एवं भोपाल पंजाबी समाज महिला विंग के संयुक्त तत्वावधान में हुए कार्यक्रम में करीब 250 छात्र-छात्राओं ने हाथ उठाकर स्वच्छता की शपथ ली।

बच्चों ने संकल्प लिया कि वे खुले में कचरा नहीं फेंकेंगे, कचरा डस्टबिन में डालेंगे और अपने घर-परिवार व मोहल्ले को भी स्वच्छ रखने के लिए लोगों को जागरूक करेंगे। बच्चों ने कहा कि कोई कचरा फेंकता नजर आया तो उसे प्यार से रोकेंगे, टोकेंगे और समझाएंगे। इस दौरान बच्चों ने ‘रोकटो अभियान’ चलाने का भी ऐलान किया। कार्यक्रम में बच्चों ने ‘हम बच्चे हैं भोपाल के, सिपाही हैं स्वच्छता के’ और ‘कचरा गया डस्टबिन में, तो भोपाल आएगा नंबर-1 में’ जैसे नारे भी लगाए।

विद्यालय के प्राचार्य महेश शर्मा ने अभियान की सराहना करते हुए स्कूल के बच्चों और स्टाफ की ओर से पूरा सहयोग देने की बात कही। गुरसेवा एजुकेशन एंड हेल्थ वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष नवनीत सिंह अरोरा ने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान नहीं, बल्कि संस्कार है और भोपाल को नंबर-1 बनाने के लिए हर बच्चे को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। मुख्य अतिथि अजय शर्मा ने बच्चों को स्वच्छता अभियान का संदेश आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।

परमजीत सिंह और स्वीटी सेठी ने बताया कि सोसाइटी ने स्वच्छता के लिए काम करने वाले बच्चों के लिए व्हाट्सऐप नंबर 94253 65501 जारी किया है। बच्चे अपने स्वच्छता कार्यों की फोटो और वीडियो इस नंबर पर भेज सकेंगे। बेहतर कार्य करने वाले बच्चों का चयन कर उन्हें प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में परमजीत सिंह, स्वीटी सेठी सहित अन्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *