प्राण बलदेव भंडारी सेवा विद्या मंदिर में ‘स्वच्छ भोपाल—बच्चों की पहल’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम

भोपाल। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘स्वच्छ भोपाल—बच्चों की पहल’ अभियान के तहत प्राण बलदेव भंडारी सेवा विद्या मंदिर में गुरुसेवक समिति ने स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें करीब 350 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर भोपाल को स्वच्छ बनाने में योगदान देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में गुरुसेवक समिति के अध्यक्ष नवनीत सिंह अरोड़ा, महिला विंग की सेक्रेटरी स्वीटी सेठी, रमनजीत सिंह, परमजीत सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक और समिति के सदस्य मौजूद रहे। बच्चों को कचरा इधर-उधर नहीं फेंकने, डस्टबिन का उपयोग करने तथा स्कूल, घर और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने की शपथ दिलाई गई। बच्चों से परिवार और आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया।
नवनीत सिंह अरोड़ा ने कहा कि जिस तरह इंदौर ने स्वच्छता के क्षेत्र में देश में पहचान बनाई है, उसी तरह सामूहिक प्रयासों से भोपाल को भी स्वच्छता में नंबर-1 बनाने का संकल्प लेना होगा। स्वीटी सेठी ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। परमजीत सिंह ने बच्चों को स्वच्छता की शपथ दिलाते हुए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
समिति ने बच्चों को अभियान से जोड़ने के लिए पहल करते हुए स्वच्छता से संबंधित पेंटिंग, फोटो या अधिकतम 60 सेकंड का वीडियो WhatsApp नंबर 94253 65501 पर भेजने की अपील की है। स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट और प्रेरणादायक कार्य करने वाले चयनित बच्चों को प्रशंसा प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य बच्चों को ‘स्वच्छता के दूत’ बनाकर स्वच्छ भोपाल का संदेश घर-घर और मोहल्ले-मोहल्ले तक पहुंचाना है।