नाबालिग नौकर ने साथियों के साथ मिलकर उड़ाया था सोना-जेवर; राजगढ़ के दो सुनार भी पकड़े, दो आरोपियों की तलाश जारी
भोपाल। पुराने शहर के ललवानी गली स्थित केएन मार्केट की सराफा दुकान से 205 ग्राम सोना और आभूषण चोरी के मामले में कोतवाली पुलिस ने नाबालिग नौकर सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से करीब 40 लाख रुपए कीमत का सोना और जेवर बरामद किया है। मामले में दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक, फरियादी देवांश अग्रवाल की केएन मार्केट स्थित ‘झंकार गोल्ड’ नाम से दुकान है। यहां पिछले तीन महीने से काम कर रहा नाबालिग नौकर 17 सितंबर को 205 ग्राम सोने का टुकड़ा, कुछ सोने के आभूषण और छह हजार रुपए नकद लेकर चला गया था। शिकायत पर कोतवाली थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक अल्पना सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर 26 सितंबर को नाबालिग को गांधी नगर से पकड़ा। पूछताछ में उसने चोरी का सोना अपने साथियों प्रिंस यादव और मोंटू उर्फ मानव को देने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने मोंटू और अनुराग किरार को पकड़ा। प्रिंस यादव को भी आरिफ नगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर सोने का टुकड़ा और आभूषण बरामद किए गए।
जांच के दौरान चोरी के माल की खरीद-फरोख्त में कथित संलिप्तता सामने आने पर राजगढ़ जिले के देवेंद्र सोनी और विजय सोनी को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, मामले में पुष्पेंद्र जोशी और कपिल जोशी की तलाश जारी है।
कार्रवाई पुलिस कमिश्नर संजय कुमार के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेंद्र सिंह चौहान, डीसीपी जोन-3 आयुष गुप्ता, एडीसीपी शालिनी दीक्षित और एसीपी कोतवाली संतोष पटेल के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस टीम में थाना प्रभारी अल्पना सिंह, सहायक उपनिरीक्षक ईशाक खान, प्रधान आरक्षक प्रदीप मेहरा, प्रधान आरक्षक विनोद यादव और आरक्षक पुष्पेंद्र व हितेश चौहान शामिल रहे।