भेल दशहरा मैदान में 7 अक्टूबर तक चलेगी प्रदर्शनी; डायल-112, ई-एफआईआर, फॉरेंसिक जांच और साइबर सुरक्षा की दी जा रही जानकारी
भोपाल। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भेल दशहरा मैदान में नवीन न्याय संहिताओं पर आधारित प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। प्रदर्शनी में अपराध की सूचना मिलने से लेकर पुलिस जांच, फॉरेंसिक साक्ष्य संकलन, अभियोजन और न्यायालयीन कार्रवाई तक की पूरी प्रक्रिया को 14 अलग-अलग जोन में सजीव मॉडल, डिजिटल तकनीक, वीडियो, चार्ट और लाइव प्रदर्शन के माध्यम से दर्शाया गया है। पांच दिवसीय यह प्रदर्शनी 7 अक्टूबर तक आम नागरिकों, विद्यार्थियों और युवाओं के लिए खुली रहेगी।
उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय गृह मंत्री को प्रदेश में नवीन न्याय संहिताओं के क्रियान्वयन, साइबर सुरक्षा, जनजागरूकता और मध्यप्रदेश पुलिस के सामाजिक अभियानों की जानकारी दी। प्रदर्शनी के शुरुआती जोन में भारतीय न्याय संहिता बीएनएस, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता बीएनएसएस और भारतीय साक्ष्य अधिनियम बीएसए, 2023 के प्रमुख प्रावधानों को समझाया गया है। डायल-112 की कार्यप्रणाली, आधुनिक कंट्रोल रूम, घटनास्थल की वैज्ञानिक जांच, ई-एफआईआर, जीरो एफआईआर और सीसीटीएनएस से जुड़ी प्रक्रियाओं को भी प्रदर्शित किया गया है।
प्रदर्शनी में मेडिकल जांच, पोस्टमार्टम, डीएनए, फिंगरप्रिंट, बैलिस्टिक और डिजिटल फॉरेंसिक के जरिए साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई है। इसके अलावा चार्जशीट तैयार करने, अभियोजन की भूमिका, जिला न्यायालय में सुनवाई, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग, जेल सुधार, ई-प्रिजन व्यवस्था और उच्च न्यायालय की कार्यप्रणाली को भी अलग-अलग जोन में दर्शाया गया है।
अन्य जोन में नक्सल उन्मूलन के प्रयासों, साइबर अपराधों से बचाव, ‘सेफ क्लिक अभियान’, ऑनलाइन ई-जीरो एफआईआर और नवीन न्याय संहिताओं के क्रियान्वयन में मध्यप्रदेश की प्रगति की जानकारी दी गई है। ऑपरेशन मुस्कान, महिला हेल्प डेस्क और ‘से नो टू ड्रग्स’ जैसे सामाजिक अभियानों के साथ न्याय संहिताओं पर आधारित लाइव डिजिटल क्विज भी आकर्षण का केंद्र है।
प्रदर्शनी का उद्देश्य आम नागरिकों को न्याय व्यवस्था में हुए बदलावों और नई कानूनी प्रक्रियाओं से परिचित कराना है। आयोजन में वरिष्ठ विधायक एवं अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, अपर मुख्य सचिव गृह संजय शुक्ला, पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना, सचिव गृह शिल्पा गुप्ता सहित केंद्र और प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।