बैंक से लोन लेकर खरीदा था ऑटो, इसी से परिवार का भरण-पोषण करता है कपिल अहिरवार
भोपाल। राजधानी में चोरों के हौसले बुलंद हैं। पुराने शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में घर के बाहर खड़ा सवारी ऑटो शातिर चोर चोरी कर ले गया। घटना 3 अक्टूबर की सुबह करीब 3:15 बजे की है। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। चोरी हुआ ऑटो कपिल अहिरवार का है, जो इसे चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है।
घटना पीर गेट क्षेत्र की हवा महल रोड स्थित माली गली में मकान नंबर 43 के सामने की है। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी पहले इलाके में चक्कर लगाता दिखाई देता है। इसके बाद वह ऑटो में बैठकर उसे स्टार्ट करता है और लेकर फरार हो जाता है।
पीड़ित कपिल अहिरवार किराए के मकान में रहता है। उसने करीब एक साल पहले बैंक से लोन लेकर ऑटो खरीदा था। ऑटो की बैंक किस्तें अभी भी चल रही हैं और वह रोज ऑटो चलाकर किस्त जमा करता है। इसी ऑटो से होने वाली कमाई से वह अपनी मां और बहन का खर्च भी उठाता है। ऑटो चोरी होने से उसकी रोजी-रोटी के साथ बैंक की किस्तों का बोझ भी सामने खड़ा हो गया है।
राजधानी में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं के बीच अब पीड़ित को पुलिस से ऑटो बरामद होने और आरोपी की गिरफ्तारी की उम्मीद है।
https://www.facebook.com/share/r/19f5ibXVYr/