
राजधानी भोपाल के युवाओं और विद्यार्थियों को डिजिटल दुनिया के खतरों से सुरक्षित करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पुलिस के राज्यव्यापी ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान के तहत बरकतउल्ला विश्वविद्यालय (BU) और सागर पब्लिक स्कूल (SPS) में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों, शोधार्थियों, शिक्षकों और आम नागरिकों को बढ़ते साइबर अपराधों, ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करना था।

बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के क्षिप्रा सभागार में अधिष्ठाता छात्र कल्याण विभाग एवं थाना बागसेवनिया, जोन-2, नगरीय पुलिस भोपाल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में कुलगुरु प्रो. विवेक शर्मा ने कहा कि आज के डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों से सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि के प्रति सतर्क रहने का आह्वान किया।
एडिशनल डीसीपी मिनी शुक्ला ने साइबर अपराधों के बदलते स्वरूप, ऑनलाइन फ्रॉड, फिशिंग, फर्जी लिंक, ओटीपी फ्रॉड और बैंकिंग धोखाधड़ी जैसे मामलों पर विस्तार से जानकारी देते हुए उनसे बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें, व्यक्तिगत और बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें तथा साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस से संपर्क करें।
कुलसचिव डॉ. समर बहादुर सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के समग्र विकास के साथ उन्हें डिजिटल रूप से सुरक्षित और जागरूक बनाने के लिए ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित करता रहेगा। थाना बागसेवनिया के प्रभारी अमित सोनी ने साइबर अपराधों की रोकथाम, शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया और पुलिस की कार्रवाई की जानकारी दी तथा विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।

एएसआई सोनिया पटेल ने बताया कि ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान के तहत बैंक, अस्पताल, बाजारों के साथ-साथ सागर पब्लिक स्कूल में भी विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में एएसआई वीरमणि पांडे, उपनिरीक्षक संजय दुबे, प्रधान आरक्षक शेखर त्यागी, आरक्षक आशीष गौर और आरक्षक योगेंद्र कुशवाह की भी सक्रिय सहभागिता रही।
कार्यक्रम के अंत में अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. पवन मिश्रा ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। दोनों संस्थानों में आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, शोधार्थियों, शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लेकर साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।