गुफा मंदिर परिसर में 22 करोड़ की विकास परियोजनाओं का भूमि पूजन, बनेगा आधुनिक मानस भवन और अत्याधुनिक गौशाला

सांसद आलोक शर्मा, महापौर मालती राय एवं महंत रामप्रवेश दास महाराज ने किया भूमिपूजन, श्रद्धालुओं को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

 

भोपाल। राजधानी के आस्था केंद्र गुफा मंदिर परिसर में रविवार को लगभग 22 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले आधुनिक मानस भवन एवं अत्याधुनिक गौशाला का भूमि पूजन लोकसभा सांसद आलोक शर्मा, महापौर मालती राय एवं महंत रामप्रवेश दास महाराज ने विधि-विधान से किया।

सांसद आलोक शर्मा ने बताया कि करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला आधुनिक मानस भवन धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, विवाह समारोह एवं जनकल्याणकारी आयोजनों के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त केंद्र होगा। वहीं लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली गौशाला में गौवंश के संरक्षण एवं संवर्धन की समुचित व्यवस्था के साथ गोकाष्ठ निर्माण मशीन भी स्थापित की जाएगी, जिससे गोबर से उपयोगी उत्पाद तैयार किए जा सकेंगे और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।

महापौर मालती राय ने कहा कि नगर निगम मंदिर परिसर के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि परिसर में नाला निर्माण का टेंडर जारी हो चुका है तथा अन्य विकास कार्य भी शीघ्र पूरे किए जाएंगे, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

महंत रामप्रवेश दास महाराज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गौसंरक्षण और भारतीय संस्कृति के संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए गुफा मंदिर क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए सांसद आलोक शर्मा का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में महंत रामदास जी महाराज, महंत अनिलानंद, महंत कन्हैयादास, एमआईसी सदस्य मनोज राठौर एवं राजेश हिंगोरानी, पार्षद प्रियंका मिश्रा, पूजा शर्मा, विनीता सोनी, सरोज आसेरी, भाजपा जिला मंत्री चेतन भार्गव, राकेश कुकरेजा, जिला मीडिया प्रभारी राजेंद्र गुप्ता, वरिष्ठ भाजपा नेता विकास वीरानी, अशोक सैनी, कैलाश मिश्रा, गिरीश शर्मा, पूर्व महापौर सुनील सूद, मनमोहन अग्रवाल, भरत पटेल, गोपाल गोदानी सहित बड़ी संख्या में संत, जनप्रतिनिधि एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *