गुरुद्वारा टेकरी साहिब में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया श्री गुरु हरगोबिंद साहिब जी का प्रकाश पर्व

भोपाल। ईदगाह हिल्स स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा टेकरी साहिब में मंगलवार को सिख पंथ के छठे गुरु साहिब श्री गुरु हरगोबिंद साहिब जी महाराज का पावन प्रकाश पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। अलसुबह से ही गुरुद्वारा साहिब में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भोपाल सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में संगत ने गुरुद्वारा पहुंचकर श्री गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष शीश नवाया और गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे परिसर में गुरुबाणी की मधुर स्वर-लहरियां गूंजती रहीं और वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो गया।

प्रकाश पर्व के अवसर पर विशेष दीवान सजाया गया, जिसमें जम्मू निवासी एवं हाल ही में ऑस्ट्रेलिया से लौटे प्रसिद्ध प्रचारक भाई बलवीर सिंह जी ने गुरुबाणी कीर्तन और कथा के माध्यम से संगत को निहाल किया। उन्होंने श्री गुरु हरगोबिंद साहिब जी महाराज के जीवन, उनके संघर्ष, त्याग और सिख पंथ के लिए दिए गए अमूल्य योगदान का विस्तार से वर्णन किया।

भाई बलवीर सिंह जी ने कहा कि श्री गुरु हरगोबिंद साहिब जी महाराज ने ‘मीरी-पीरी’ की परंपरा स्थापित कर आध्यात्मिक और सांसारिक उत्तरदायित्वों का अद्भुत समन्वय प्रस्तुत किया। गुरु साहिब ने अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध संघर्ष का संदेश देते हुए मानवता, धर्म और निर्बलों की रक्षा का मार्ग प्रशस्त किया। उन्होंने मीरी और पीरी के प्रतीक स्वरूप दो तलवारें धारण कर सिख समाज को शस्त्र और शास्त्र दोनों में दक्ष बनते हुए ‘संत-सिपाही’ का जीवन अपनाने की प्रेरणा दी।

विशेष दीवान की समाप्ति के उपरांत गुरु का अटूट लंगर आयोजित किया गया। परंपरानुसार संगत को मिस्सी रोटी, ताज़ा मक्खन, प्याज एवं विशेष अचार का प्रसाद प्रेमपूर्वक परोसा गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर गुरु का लंगर ग्रहण किया तथा सेवा, सिमरन और संगत की महान परंपरा का अनुभव किया।

गुरुद्वारा प्रबंधन समिति ने प्रकाश पर्व के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी सेवादारों, रागी जत्थों एवं संगत का आभार व्यक्त करते हुए सभी श्रद्धालुओं को श्री गुरु हरगोबिंद साहिब जी महाराज के पावन प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *