12,500 रुपए का इनामी शातिर बदमाश गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला जुलूस

भोपाल में निशातपुरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 12,500 रुपए के इनामी और तीन थानों में वांछित शातिर बदमाश शाहिद खान को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी का जुलूस निकालकर आमजन में सुरक्षा का संदेश दिया और अपराधियों में कानून का खौफ पैदा करने का प्रयास किया।

पुलिस के अनुसार 29 दिसंबर 2025 को फरियादी मोहम्मद यासिर खान ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी शाहिद खान ने अपने साथियों के साथ मिलकर घर के सामने हथियार लहराते हुए अड़ीबाजी की और पड़ोसी शेख जैद के गले पर छुरी रखकर उसका अपहरण कर लिया था। आरोपियों ने फिरौती की मांग भी की थी। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर अपहृत को छुड़ा लिया था, लेकिन आरोपी फरार हो गया था। इस मामले में थाना निशातपुरा में गंभीर धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था।

घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था, जिस पर पुलिस उपायुक्त जोन-4 द्वारा 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। वहीं, थाना गौतम नगर के एक अन्य मामले में 2,500 रुपए का इनाम भी घोषित था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को करोंद क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपी शाहिद खान (27) मूलतः राहतगढ़, जिला सागर का निवासी है और वर्तमान में पन्ना नगर करोंद में रह रहा था।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ भोपाल के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, अपहरण, दुष्कर्म, अड़ीबाजी, अवैध वसूली, चोरी, बलवा और आर्म्स एक्ट सहित कुल 23 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें थाना शाहजहांनाबाद का दुष्कर्म प्रकरण और थाना गौतम नगर का अड़ीबाजी का मामला भी शामिल है, जिनमें वह लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस ने बताया कि आरोपी से अन्य वारदातों और उसके सहयोगियों के संबंध में पूछताछ जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *