‘संपर्क अभियान’ का असर: 4 घंटे में मिला कनेक्शन, द्वारका नगर की राजकुमारी कुशवाहा का घर हुआ रोशन

भोपाल। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के ‘संपर्क अभियान’ का सकारात्मक प्रभाव पहले ही दिन देखने को मिला, जब द्वारका नगर निवासी सुश्री राजकुमारी कुशवाहा को महज 4 घंटे के भीतर नया बिजली कनेक्शन प्रदान कर दिया गया। 14 मई को चांदबड़ जोन में आयोजित शिविर में उन्हें तत्काल सुविधा मिलने से उनके घर में रोशनी आई और परिवार में खुशी का माहौल बन गया।

कंपनी द्वारा शुरू किए गए इस विशेष अभियान के तहत उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित निराकरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। अभियान के पहले ही दिन भोपाल शहर में आयोजित 27 शिविरों में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और अपनी शिकायतों का मौके पर ही समाधान कराया। कुल 3,929 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 3,748 का तत्काल निराकरण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों के शीघ्र समाधान की प्रक्रिया जारी है।

शिविरों में उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए चार अलग-अलग काउंटर बनाए गए थे, जहां हेल्प डेस्क, बिलिंग सुधार, नए कनेक्शन एवं अन्य सेवाएं, तथा तकनीकी समस्याओं और भुगतान से संबंधित कार्यों का त्वरित निराकरण किया गया। बिलिंग, भुगतान, विद्युत आपूर्ति, नया कनेक्शन एवं अन्य सेवाओं से संबंधित समस्याओं का मौके पर ही समाधान होने से उपभोक्ताओं में संतोष देखा गया।

चांदबड़ शिविर का शुभारंभ सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने किया। इस अवसर पर उन्होंने राजकुमारी कुशवाहा को नए कनेक्शन का प्रमाण पत्र भी वितरित किया। शिविर में अन्य उपभोक्ताओं को भी त्वरित सेवाएं प्रदान की गईं, जिसमें रीना बाई, अनीता, नवीन, गुलाबसिंह और बंशीराम साहू को विभिन्न विद्युत सेवाओं का लाभ मौके पर ही मिला।

कंपनी के अनुसार इस अभियान का उद्देश्य उपभोक्ताओं से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का जमीनी स्तर पर समाधान करना है। ‘संपर्क अभियान’ के माध्यम से विभाग उपभोक्ता संतुष्टि बढ़ाने और सेवाओं को अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है। कंपनी ने नागरिकों से अपील की है कि वे इन शिविरों में पहुंचकर अपनी बिजली संबंधी समस्याओं का तत्काल समाधान प्राप्त करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *