“कोचिंग संचालक ने ही रचा ‘गुरु’ से लूट का खौफनाक षड्यंत्र”: 1.89 करोड़ की सनसनीखेज वारदात का खुलासा

भोपाल क्राइम ब्रांच ने एक हाई-टेक और संगठित लूटकांड का खुलासा करते हुए दिल्ली की चर्चित शुभ्रा रंजन आईएएस अकादमी की संचालिका से 1.89 करोड़ रुपए की लूट के मास्टरमाइंड प्रियांक शर्मा को उसके 5 साथियों सहित गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में प्रियांक शर्मा के अलावा रोहित मालवीय, दीपक भगत, विकास उर्फ विक्की दाहिया, कुनाल यादव और पंकज अहिरवार शामिल हैं। यह वारदात पूर्व छात्र द्वारा रची गई सुनियोजित साजिश का चौंकाने वाला उदाहरण बनकर सामने आई है।

पुलिस आयुक्त संजय कुमार के निर्देशन में की गई कार्रवाई में सामने आया कि आरोपी प्रियांक शर्मा, जो कभी अकादमी का छात्र रह चुका है, ने संचालिका को भोपाल में नया सेंटर खोलने और सेमिनार आयोजित करने का झांसा देकर दिल्ली से बुलाया। इसके बाद आरोपी उन्हें एक किराए के मकान में ले गया, जहां पहले से मौजूद उसके साथियों ने पिस्टल की नोक पर उन्हें और उनके स्टाफ को बंधक बना लिया। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए ‘जनकशिला’ और ‘आरएस एंटरप्राइजेस’ नामक खातों में 1.89 करोड़ रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए।

जांच में यह भी सामने आया कि साजिश को मजबूत बनाने के लिए आरोपियों ने अपने ही एक साथी के अपहरण और हत्या का फर्जी नाटक रचा। उसे रस्सियों से बांधकर बक्से में बंद किया गया ताकि पीड़िता भयभीत रहे और पुलिस में शिकायत न कर सके। वारदात के दौरान आवाज बाहर न जाए, इसके लिए उसी मकान में सुंदरकांड का आयोजन भी कराया गया था, जिससे शोर के बीच पीड़ितों की चीख-पुकार दब जाए।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी प्रियांक शर्मा ने पुलिस से बचने के लिए खुद को बीमार बताकर एम्स भोपाल के आईसीयू में भर्ती होने का नाटक किया, लेकिन डॉक्टरों द्वारा स्थिति सामान्य पाए जाने पर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। इस दौरान आरोपी के परिजनों द्वारा अस्पताल में हंगामा भी किया गया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंक खातों को तत्काल फ्रीज कर दिया है। लूटी गई पूरी राशि होल्ड कर ली गई है और जल्द ही पीड़िता के खाते में वापस की जाएगी। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध पिस्टल, वाहन और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। मामले में एक आरोपी अभी फरार है, जबकि एक अन्य संदेही की भूमिका की जांच जारी है और पूरे नेटवर्क की गहन पड़ताल की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *