भोपाल। भोपाल जिला खो-खो संघ एवं शारीरिक शिक्षा विभाग द्वारा 04 मई को सीनियर जिला खो-खो ट्रायल का आयोजन संत हिरदाराम गर्ल्स कॉलेज, भोपाल में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। ट्रायल में जिले भर से बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों का चयन निष्पक्ष एवं पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से किया गया। आयोजन स्थल पर खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का उत्कृष्ट वातावरण देखने को मिला।
इस अवसर पर भोपाल खो-खो संघ के प्रमुख पदाधिकारी सुनील सिंह, विष्णु कांत सहाय, अनिल लोखंडे, तरुण पाल, कुश परतेती एवं जालम सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कॉलेज की प्राचार्य डॉ. डालिमा पारवानी ने खिलाड़ियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ देते हुए बधाई दी। वहीं खेल अधिकारी डॉ. शांति शर्मा ने अपने प्रेरणादायक संदेश में कहा कि “खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, अनुशासन और निरंतर प्रयास की पहचान है। जो खिलाड़ी मेहनत और समर्पण के साथ आगे बढ़ते हैं, वे निश्चित ही अपने लक्ष्य को प्राप्त करते हैं। ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी क्षमता पहचानने और बड़े मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं।” एवं संघ के पदाधिकारियों ने जानकारी दी कि चयनित खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिताओं के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर भोपाल का नाम रोशन कर सकें।