क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई: 1.63 किलो चरस जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार

भोपाल। क्राइम ब्रांच भोपाल ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.630 किलोग्राम अवैध चरस जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 7 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिलने पर एमपी नगर जोन-1 स्थित गायत्री मंदिर के पास मेटोश्वर महादेव मंदिर के पीछे मैदान में दबिश दी गई, जहां से आरोपी मंजूर मोहम्मद खान उर्फ जुनेद (39) को एक्टिवा वाहन सहित पकड़ा गया। तलाशी में उसके पास से 126.45 ग्राम चरस, मोबाइल फोन और वाहन जब्त किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने चरस सप्लाई का लिंक नौशिन खान तक बताया। इसके आधार पर पुलिस टीम ने शाहजहांनाबाद थाना क्षेत्र के अमीरगंज इलाके में दबिश देकर नौशिन खान (30) और उसके पति जावेद खान (40) को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके घर से 1.50 किलोग्राम से अधिक चरस, इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा और मोबाइल फोन बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार आरोपी नौशिन खान घर से फुटकर चरस बेचती थी, जबकि जावेद खान बाहरी स्रोतों से मादक पदार्थ लाकर सप्लाई करता था। तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और उनके नेटवर्क की विस्तृत जांच की जा रही है। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि नशे से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *