निशातपुरा आरओबी निर्माण कंपनी की 7 लाख की बोलेरो जबलपुर से बरामद

सीसीटीवी और टोल प्लाजा फुटेज से आरोपी की पहचान, दबिश के दौरान वाहन छोड़कर भागा

भोपाल। निशातपुरा रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण कार्य में लगी कंपनी की चोरी हुई बोलेरो कैंपर जीआरपी भोपाल ने जबलपुर जिले से बरामद कर ली है। करीब 7 लाख रुपए कीमत की बोलेरो चोरी के मामले में पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों और टोल प्लाजा के फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान की। पुलिस के अनुसार, आरोपी अजय गौंड वाहन छोड़कर फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक, एचएस इंजीनियर्स पुणे कंपनी में सुपरवाइजर अजमेर सिंह राजपूत ने 10 अक्टूबर को शिकायत दर्ज कराई थी कि 9 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे कंपनी की बोलेरो कैंपर क्रमांक MH12TV0625 को निर्माण स्थल पर खड़ा किया था। अगले दिन सुबह करीब 7 बजे वाहन गायब मिला। शिकायत पर जीआरपी भोपाल ने अपराध क्रमांक 1098/26 के तहत बीएनएस की धारा 305(बी) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों और वाहन के संभावित मार्ग पर टोल प्लाजा के फुटेज की पड़ताल की गई। इसमें जबलपुर जिले के बेलखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम केवलारी भरदा निवासी अजय गौंड की पहचान हुई। जीआरपी टीम उसकी तलाश में जबलपुर पहुंची, जहां पुलिस की दबिश के दौरान वह बोलेरो छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में वाहन जब्त कर जीआरपी थाना भोपाल पहुंचाया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ बेलखेड़ा थाने में हत्या के प्रयास, पॉक्सो एक्ट, छेड़छाड़, मारपीट, तोड़फोड़ और अवैध शराब से जुड़े आठ मामले दर्ज हैं। सूत्रों के मुताबिक, बोलेरो का इस्तेमाल अवैध शराब के कारोबार के लिए करने की आशंका है। मामले में आरोपी की तलाश जारी है।

कार्रवाई में जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षक जहीर खान, उपनिरीक्षक मिथलेश भारद्वाज, आरक्षक सचिन जाट और बृजेश तथा साइबर सेल के प्रधान आरक्षक अमित सक्सेना और जीआरपी कंट्रोल रूम के प्रधान आरक्षक देवेंद्र की भूमिका रही। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रेल भोपाल अंकित जायसवाल के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतू डावर और उप पुलिस अधीक्षक महेंद्र सिंह कुल्हारा के निर्देश पर की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *