सड़कों के बीच बाधा बन रहे बिजली के खंभों से मिलेगा छुटकारा, सांसद आलोक शर्मा ने ऊर्जा मंत्री से की चर्चा

भोपाल। राजधानी की यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए सांसद आलोक शर्मा ने भोपाल में प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर से मुलाकात की। इस दौरान शहर की सड़कों के बीच बाधा बन रहे करीब 200 बिजली के पोल और ट्रांसफार्मरों को शिफ्ट करने के विषय में विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में सांसद ने बताया कि इन खंभों की वजह से न केवल ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती है, बल्कि दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। इस कार्य के लिए विद्युत विभाग के शहर वृत महाप्रबंधक द्वारा लगभग 7 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया है। ऊर्जा मंत्री ने आश्वस्त किया कि शहर के विकास और जन-सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इन खंभों को शिफ्ट करने की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ की जाएगी।

चिन्हित स्थानों में पीर गेट, वंदे मातरम् चौराहा, 10 नंबर मार्केट, लालघाटी, नादरा बस स्टैंड, डीआईजी बंगला, सिंधी कॉलोनी, करोंद चौराहा और बैरागढ़ का मुख्य बाजार सहित शहर के 30 से अधिक व्यस्त क्षेत्र शामिल हैं।

गौरतलब है कि सांसद यातायात सुधार के मुद्दे पर अब तक कलेक्टर, पुलिस कमिश्नर और अन्य विभागीय अधिकारियों के साथ पांच महत्वपूर्ण बैठकें कर चुके हैं। बैठक के दौरान पुलिस कमिश्नर संजय कुमार और एडीएम प्रकाश नायक सहित ट्रैफिक पुलिस तथा विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *