एमपी नगर LIC ऑफिस के सामने क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई; 3 लाख रुपये के गांजे के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार

भोपाल | राजधानी में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत क्राइम ब्रांच भोपाल को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एमपी नगर क्षेत्र में घेराबंदी कर सीहोर निवासी एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से 10 किलो 270 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ है।

LIC ऑफिस के सामने से हुई गिरफ्तारी:

एडिशनल डीसीपी शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एमपी नगर स्थित जीवन बीमा कार्यालय के सामने ग्राउंड में एक महिला गांजा बेचने की फिराक में आने वाली है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम गठित कर मौके पर भेजी गई। पुलिस ने घेराबंदी कर हुलिए के आधार पर सीता बाई कुचबंदिया (50 वर्ष) निवासी सीहोर को हिरासत में लिया।

बोरी में रखे थे खाकी टेप से लिपटे पैकेट:

महिला आरक्षक की मौजूदगी में ली गई तलाशी के दौरान आरोपी के पास मौजूद सफेद बोरी से तीन पैकेट बरामद हुए, जिनमें खाकी टेप लिपटा था। पैकेट खोलने पर उनमें 10 किलो 270 ग्राम गांजा मिला, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 3 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है कि आरोपी यह खेप कहाँ से लाई थी और भोपाल में किसे सप्लाई करने वाली थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *