महाशिवरात्रि पर पशुपतिनाथ मंदिर में होगा भव्य जलाभिषेक, गंगाजली कलश यात्रा के साथ 48वें पर्व का शुभारंभ

भोपाल। राजधानी भोपाल के गोविन्दपुरा स्थित श्री पशुपतिनाथ मंदिर में इस वर्ष 48वां महाशिवरात्रि पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। श्री पशुपतिनाथ नेपाली समाज द्वारा आयोजित इस धार्मिक आयोजन के तहत 15 फरवरी को गंगाजली कलश यात्रा से लाए गए पवित्र जल से भगवान श्री पशुपतिनाथ का भव्य जलाभिषेक किया जाएगा।

समाज के अध्यक्ष लोकमणी घिमिरे ने बताया कि महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर दोपहर 12 बजे मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित होगा। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास सारंग, मंत्री कृष्णा गौर, महापौर मालती राय, भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) के ईडी पी.के. उपाध्याय सहित संत-महात्मा और अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।

गंगाजली कलश यात्रा का आयोजन

महाशिवरात्रि पर्व के अंतर्गत 15 फरवरी को प्रातः 8:30 बजे श्री राम मंदिर, बरखेड़ा से गंगाजली कलश यात्रा प्रारंभ होगी। यह यात्रा चिल्ड्रन पार्क, कार्मल कान्वेंट स्कूल, अन्ना नगर, चेतक ब्रिज, भारती निकेतन और गोविन्दपुरा ए-सेक्टर होते हुए दोपहर 12 बजे पशुपतिनाथ मंदिर पहुंचेगी। यात्रा में शिव बारात, साधु-संत, समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।

समाज द्वारा इस वर्ष पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए “प्लास्टिक हटाओ, पर्यावरण बचाओ” अभियान के तहत श्रद्धालुओं से पर्यावरण अनुकूल तरीके से आयोजन में भाग लेने की अपील की गई है।

निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन

महाशिवरात्रि के अवसर पर 15 फरवरी को प्रातः 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक मंदिर परिसर में निःशुल्क चिकित्सा स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य परामर्श और उपचार सेवाएं प्रदान की जाएंगी।

16 फरवरी को होगा विशाल भंडारा

समाज के अध्यक्ष लोकमणी घिमिरे और महामंत्री सुरेश पाण्डे ने बताया कि 16 फरवरी को दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से सपरिवार उपस्थित होकर महाप्रसादी ग्रहण करने और धार्मिक अनुष्ठान में सहभागी बनने का आग्रह किया है।

महाशिवरात्रि पर्व को लेकर नेपाली समाज और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है तथा मंदिर परिसर को आकर्षक सजावट से सजाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *