भोपाल पुलिस का कुनबा बढ़ा: कजलीखेड़ा बना राजधानी का 38वां थाना

भोपाल। राजधानी की बढ़ती आबादी और विस्तारित होते शहरी क्षेत्र को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने कोलार क्षेत्र को बड़ी सौगात दी है। कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह द्वारा अधिसूचना जारी किए जाने के बाद कजलीखेड़ा आधिकारिक रूप से शहर का 38वां पुलिस थाना बन गया है।

अब तक कोलार थाना क्षेत्रफल और जनसंख्या दोनों ही दृष्टि से शहर का सबसे बड़ा थाना था, जिसके अंतर्गत 85 से अधिक गांव और कॉलोनियां शामिल थीं। इतने विशाल क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण था। नए कजलीखेड़ा थाने के गठन से न केवल कोलार थाने का कार्यभार कम होगा, बल्कि पुलिस की प्रतिक्रिया समय में भी सुधार होगा। इससे नागरिकों को शिकायत और आपात स्थिति में त्वरित पुलिस सहायता मिल सकेगी।

इन 40 क्षेत्रों को मिला नया सुरक्षा कवच

नए कजलीखेड़ा थाना क्षेत्र में 40 गांवों और कॉलोनियों को शामिल किया गया है। इनमें प्रमुख रूप से गेहूंखेड़ा, प्रियंका नगर, सेमरीकलां, अमरावतकलां, इमलिया जरगर, सेवनिया, सुरैया नगर, कोटरा, सुहागपुर, बैरागढ़ चीचली, देहरीकलां, इनायतपुर, बोरदा, सांई श्रद्धा होम्स, पीली तलाई, दौलतपुर, माय सिटी, यूबी सिटी और मीनाखेड़ी सहित अन्य क्षेत्र शामिल हैं।

जनप्रतिनिधियों ने जताया आभार

क्षेत्रीय विधायक रामेश्वर शर्मा ने इस निर्णय पर डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कोलार क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहा है और बढ़ती आबादी के अनुरूप नए थाने की स्थापना अत्यंत आवश्यक थी। उन्होंने कहा कि यह थाना क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करेगा तथा नागरिकों को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *