नशे के सौदागरों पर शिकंजा: डेढ़ लाख की चरस के साथ बैतूल और ऐशबाग के तस्कर धरे गए, क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई

 भोपाल | राजधानी में नशे के विरूद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच भोपाल को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गोविंदपुरा स्थित टीआईटी मैदान के पास खंडहर में घेराबंदी कर दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 495 ग्राम अवैध चरस और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है।

एडिशनल डीसीपी शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति गोविंदपुरा क्षेत्र में चरस बेचने की फिराक में ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और हुलिये के आधार पर शेख आरिफ (44) निवासी बैतूल और राजा मियां (51) निवासी ऐशबाग को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से पारदर्शी पन्नी में रखी 495 ग्राम चरस बरामद हुई।

पकड़े गए आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। आरोपी शेख आरिफ पर पूर्व में पॉक्सो एक्ट और एनडीपीएस सहित कई मामले दर्ज हैं। वहीं राजा मियां भी क्राइम ब्रांच और ऐशबाग थाने का एनडीपीएस एक्ट के मामलों में पुराना अपराधी है। पुलिस अब इनके नेटवर्क और चरस के मुख्य सप्लायर की तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *