भोपाल | कोलार रोड थाना पुलिस ने मारपीट और अड़ीबाजी के मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे एक इनामी बदमाश सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। मुख्य आरोपी राज पथरोड पर डीसीपी (जोन-4) द्वारा 5000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
बीते 10 नवंबर 2025 को प्रियंका नगर क्षेत्र में फरियादी सिद्धांत धाकड़ के साथ आरोपियों ने अड़ीबाजी की थी। आरोपियों ने शराब पीने के लिए 500 रुपये की मांग की और मना करने पर फरियादी की बेल्ट व घूंसों से बेरहमी से पिटाई कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने पहले ही एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि राज पथरोड और शैलेंद्र सेन फरार थे।
पिछले तीन माह से पुलिस को चकमा दे रहे इन आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया। सटीक सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर राज पथरोड और शैलेंद्र सेन को धर दबोचा। पुलिस अब आरोपियों के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है और अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।