भोपाल। गोविंदपुरा क्षेत्र में युवतियों पर हमला कर दहशत फैलाने वाले कुख्यात कटर मैन बदमाश की गिरफ्तारी में अहम भूमिका निभाने वाली पुलिस टीम को पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर ने सम्मानित किया। इस सफल कार्रवाई में पिपलानी, अयोध्या नगर, गोविंदपुरा एवं अवधपुरी थानों की पुलिस ने आपसी समन्वय और तत्परता का परिचय दिया।
राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने पुलिस अधिकारियों और जवानों की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस की सुरक्षित, संवेदनशील और भरोसेमंद छवि समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि गंभीर अपराधों पर त्वरित कार्रवाई से न केवल जनता में सुरक्षा का विश्वास मजबूत होता है, बल्कि अपराधियों में कानून का भय भी स्थापित होता है।
उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की प्रभावी पुलिस कार्रवाई समाज में शांति व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। राज्यमंत्री ने पुलिस बल का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि जनता और पुलिस के बीच बेहतर सहयोग से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।