एसीपी के घर चोरी का खुलासा, अंतरराज्यीय गिरोह के चार नकबजन गिरफ्तार

कोलार रोड पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई; 1500 सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंची पुलिस, 25 लाख का मशरूका बरामद

भोपाल। ट्रैफिक एसीपी विजय कुमार दुबे के कोलार रोड स्थित घर में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय चोर गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगदी, सोने-चांदी के जेवरात, सिक्के, बर्तन, मूर्ति, मोबाइल फोन और चोरी में इस्तेमाल स्विफ्ट कार सहित करीब 25 लाख रुपए का मशरूका बरामद किया है। आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों में भी कई आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। एडिशनल कमिश्नर शैलेन्द्र सिंह चौहान ने कमिश्नर कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्रवाई की जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार 10 सितंबर की रात विजय कुमार दुबे ड्यूटी पर गए थे। उनकी पत्नी वसुधा दुबे करीब 11:30 बजे घर पर ताला लगाकर उज्जैन चली गईं। रात करीब 12:30 बजे विजय दुबे वापस लौटे तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। घर की तलाशी लेने पर करीब 10 लाख रुपए की नगदी, सोने-चांदी के जेवरात, सिक्के, बर्तन और मूर्ति गायब मिली। शिकायत पर कोलार रोड थाने में मामला दर्ज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए कोलार रोड पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीमें गठित की गईं। पुलिस ने घटनास्थल से लेकर सोनकच्छ, देवास तक आने-जाने वाले रास्तों के करीब 1500 सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को पता चला कि आरोपी स्विफ्ट कार क्रमांक MP09CM0536 से भोपाल आए थे। इसके बाद पुलिस ने दीपक गुर्जर, पवन आर्य, रोहित पाल और देवेन्द्र गुर्जर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में चारों ने चोरी की वारदात करना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की नगदी, सोने-चांदी के आभूषण, बर्तन, सिक्के और मूर्ति के साथ वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट कार और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस रिमांड पर लेकर आरोपियों से अन्य वारदातों और फरार साथियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में रोहित पाल (35), निवासी मक्सी रोड उज्जैन पर 15 अपराध, पवन आर्य (41), निवासी गोहद, भिंड पर 39 अपराध, दीपक गुर्जर (21), निवासी इंदौर पर 2 अपराध तथा देवेन्द्र गुर्जर उर्फ देवा (38), निवासी इंदौर पर 15 अपराध दर्ज बताए गए हैं। पुलिस अन्य राज्यों और जिलों में दर्ज मामलों की भी संबंधित थानों से पुष्टि करा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *