मारपीट के विरोध में वकीलों ने घेरा जहांगीराबाद थाना, पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग
भोपाल में मंगलवार देर रात करीब 50 वकीलों ने जहांगीराबाद थाने के बाहर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी वकीलों का आरोप है कि उनके साथी अधिवक्ता राकेश रावल (45) के साथ पुलिसकर्मियों ने बदसलूकी की और विरोध करने पर मारपीट की।
राकेश रावल के अनुसार मंगलवार शाम करीब 8 बजे खटलापुरा मंदिर के पास पुलिसकर्मियों ने उनका वाहन रोका और थाने चलने के लिए कहा।
रावल का आरोप है कि वाहन में पेट्रोल नहीं होने की बात कहने पर पुलिसकर्मियों ने गाली-गलौज की और विरोध करने पर उन्हें कीचड़ में पटककर डंडों से पीटा।
घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में वकील जहांगीराबाद थाने पहुंचे और थाना प्रभारी राजन अहिरवार समेत संबंधित पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
वकीलों ने घटना से जुड़े वीडियो भी सामने रखे, जिनमें राकेश रावल के पैरों पर चोट के निशान दिखाई देने का दावा किया गया है।
एडिशनल सीपी शैलेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि मामले की जानकारी ली जा रही है और पूरे मामले की जांच की जाएगी।