दहशत फैलाने वाले अड़ीबाज गिरफ्तार, पुलिस ने क्षेत्र में निकाला जुलूस

भोपाल। थाना निशातपुरा पुलिस ने क्षेत्र में अड़ीबाजी कर दहशत फैलाने वाले बदमाशों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों का क्षेत्र में जुलूस निकालकर आमजन को सुरक्षा का संदेश दिया।

घटना 5 फरवरी 2026 की है। फरियादी जय नामदेव (22), निवासी विश्वकर्मा नगर नीलकंठ कॉलोनी, करोंद ने थाना निशातपुरा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह शाम करीब 4:30 बजे जनता नगर से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान छोटा राजा, इरशाद उर्फ बच्चा एवं उनके एक अन्य साथी ने उसे रास्ते में रोककर खुद को क्षेत्र का दादा बताते हुए गाली-गलौच की और शराब पीने के लिए 2 हजार रुपये की मांग की। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपियों ने फरियादी के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की, जिससे उसकी नाक पर चोट आई। साथ ही पूर्व में की गई शिकायत वापस न लेने पर जान से मारने की धमकी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छोटा राजा (32), निवासी शिवनगर करोंद और इरशाद खान उर्फ बच्चा (20), निवासी शिवनगर करोंद को गिरफ्तार किया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार छोटा राजा के खिलाफ भोपाल के विभिन्न थानों में 8 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि इरशाद खान उर्फ बच्चा के खिलाफ 3 अपराध पंजीबद्ध हैं। अन्य आरोपी की तलाश जारी है। क्षेत्र में कानून व्यवस्था का संदेश देने के उद्देश्य से पुलिस ने दोनों आरोपियों का जुलूस निकालकर सख्त कार्रवाई का संकेत दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *