
भोपाल। शहर में राह चलती युवतियों को निशाना बनाकर कटर से हमला करने वाले कुख्यात सीरियल कटर बदमाश को भोपाल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने 29 जनवरी 2026 की रात करीब चार घंटे के भीतर पिपलानी और अयोध्यानगर थाना क्षेत्रों में चार अलग-अलग स्थानों पर युवतियों पर जानलेवा हमला किया था, जिससे शहर में दहशत का माहौल बन गया था।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने रात करीब 9.30 बजे सोनागिरी बी-सेक्टर, फिर 10.15 और 10.33 बजे ए-सेक्टर सोनागिरी और करीब 11.20 बजे अयोध्यानगर के भवानी धाम फेस-1 में मोटरसाइकिल से आते-जाते राह चलती चार युवतियों पर कटर से हमला कर गंभीर चोटें पहुंचाईं और मौके से फरार हो गया। इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पिपलानी और अयोध्यानगर थानों में हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में चार अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए।
घटनाओं के बाद पुलिस आयुक्त के निर्देश पर जोन स्तर और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीमें गठित की गईं। करीब 150 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों ने दिन-रात अभियान चलाकर लगभग 900 सीसीटीवी फुटेज खंगाले, 600 से अधिक पुराने बदमाशों की तस्दीक की और करीब 100 संदिग्धों से पूछताछ की गई। आरोपी की पहचान के लिए उसका हुलिया और फोटो सार्वजनिक कर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया।
लगातार तलाश के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध आरोपी अयोध्या बायपास क्षेत्र में देखा गया है। पुलिस टीम को देखकर आरोपी जंगल की ओर भागा, लेकिन घेराबंदी कर उसे दबोच लिया गया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कटर, चोरी की गई पैशन प्रो मोटरसाइकिल, कपड़े और जूते जब्त किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपी महेन्द्र अहिरवार (परिवर्तित नाम), उम्र 37 वर्ष, मूल निवासी राहतगढ़ जिला सागर का है और वर्तमान में करोंद क्षेत्र में रह रहा था। पूछताछ में आरोपी ने भोपाल में की गई चारों वारदातों के साथ-साथ वर्ष 2014 में सागर जिले में भी कटर से हमला करने की चार से अधिक घटनाएं करना स्वीकार किया है। पुलिस उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य स्वीकारोक्त घटनाओं की तस्दीक कर रही है। कमिश्नर कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी आदतन अपराधी है और पहले भी महिला संबंधी अपराधों व चाकूबाजी के मामलों में जेल जा चुका है। उसकी गिरफ्तारी से शहर में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगेगा। भोपाल पुलिस ने आमजन, विशेषकर महिलाओं से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को देने की अपील की है।