भोपाल। भारतीय जनता पार्टी जिला भोपाल की महिला मोर्चा और युवा मोर्चा की संयुक्त कामकाजी बैठक जिला कार्यालय अटल भवन में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष रविंद्र यति ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठनात्मक मजबूती, बूथ स्तर पर कार्यों की समीक्षा तथा आगामी कार्यक्रमों के लिए प्रभावी रणनीति तैयार करना रहा। बैठक को भोपाल की महापौर मालती राय ने भी संबोधित किया। बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष रविंद्र यति ने कहा कि किसी भी मजबूत संगठन की नींव बूथ स्तर पर ही रखी जाती है। “मेरा बूथ सबसे मजबूत, बूथ जीता, चुनाव जीता” केवल नारा नहीं बल्कि भाजपा की कार्य संस्कृति और संगठनात्मक प्रतिबद्धता का आधार है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने-अपने बूथ को सक्रिय, संगठित और सशक्त बनाने के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करना होगा। रविंद्र यति ने कहा कि मतदाता लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है, इसलिए जनसंपर्क को और अधिक व्यापक तथा प्रभावी बनाया जाना आवश्यक है। उन्होंने मतदाता जागरूकता अभियानों को गति देने, नए मतदाताओं को संगठन से जोड़ने तथा पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में अनिवार्य रूप से दर्ज कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा और युवा मोर्चा संगठन की ऊर्जा और शक्ति स्तंभ हैं, जिनकी सक्रिय भागीदारी से प्रत्येक बूथ पर भाजपा को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों में महिलाओं और युवाओं की भूमिका को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया। बैठक में जिला उपाध्यक्ष मनोज राठौर, जिला मंत्री राजकुमार विश्वकर्मा और भाषित दीक्षित, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष अजय पाटीदार, नवल प्रजापति, राजेश साहू, रामाश्रय सिंह, अशोक शुक्ला, महेश मकवाना सहित महिला मोर्चा की पदाधिकारी एवं युवा मोर्चा के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संगठन को और अधिक सुदृढ़ बनाने के संकल्प के साथ संपन्न हुई।