भोपाल/बैतूल, (सुखदेव सिंह)। बैतूल विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के विधायक हेमंत खंडेलवाल को मध्यप्रदेश भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पार्टी नेतृत्व ने उनके संगठनात्मक अनुभव और मजबूत जनाधार को देखते हुए यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। हेमंत खंडेलवाल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मथुरा के रहने वाले हैं। उनका जन्म 3 सितंबर 1964 को मथुरा में हुआ था। वर्तमान में वे कुशाभाऊ ठाकरे ट्रस्ट के अध्यक्ष भी हैं और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव व आरएसएस के करीबी नेताओं में उनकी गिनती होती है। 60 वर्ष की उम्र पार कर चुके हेमंत खंडेलवाल पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं। उनके राजनीतिक जीवन की जड़ें मजबूत विरासत से जुड़ी हैं। उनके पिता विजय कुमार खंडेलवाल भाजपा के कद्दावर नेता और बैतूल से सांसद रह चुके हैं। पिता के निधन के बाद वर्ष 2008 में हेमंत खंडेलवाल ने सक्रिय राजनीति में कदम रखा और उसी वर्ष लोकसभा उपचुनाव जीतकर संसद पहुंचे। इसके बाद 2013 में वे बैतूल विधानसभा सीट से भाजपा के विधायक चुने गए और तब से लगातार जनता और संगठन के बीच सक्रिय हैं। प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद खंडेलवाल ने कहा कि वे संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करेंगे और सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर पार्टी को आगामी चुनावों में नई मजबूती देंगे। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पार्टी में उनका अनुभव और नेतृत्व क्षमता आने वाले समय में भाजपा के लिए बड़ी भूमिका निभा सकती है।