मोहन यादव, शिवप्रकाश और विष्णुदत्त शर्मा ने योग कर दिया स्वस्थ जीवन का संदेश
भोपाल। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, मुख्यमंत्री मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद विष्णुदत्त शर्मा और प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद सहित वरिष्ठ पदाधिकारियों ने योगाभ्यास किया।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शिवप्रकाश ने कहा कि योग केवल शरीर का अनुशासन नहीं बल्कि विश्व कल्याण का मार्ग है। योग संघर्ष नहीं, समभाव की भावना के साथ वैश्विक शांति का आधार है। उन्होंने कहा कि भारत ने दुनिया को युद्ध नहीं, बुद्ध और योग जैसे अमूल्य उपहार दिए हैं।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि योग चेतना और परम चेतना के मिलन की अवस्था है। यह केवल आध्यात्मिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि मानवता के लिए दिव्य उपहार है। उन्होंने योग को “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य” के दृष्टिकोण से आवश्यक बताया।
प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को विश्व स्तर पर नई पहचान मिली है। आज 180 से अधिक देशों में योग दिवस मनाया जा रहा है। भारत की सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक सम्मान मिला है।
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री एवं विधायक भगवानदास सवनानी ने किया तथा आभार प्रदेश कार्यालय मंत्री राघवेंद्र शर्मा ने व्यक्त किया। इस मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।