एडीजी चंचल शेखर की उपस्थिति में 340 पुलिसकर्मियों ने लिया भाग
भोपाल। 7वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल (विसबल), भोपाल द्वारा 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर लाल परेड ग्राउंड स्थित जिम्नेजियम हॉल में भव्य सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (विसबल) चंचल शेखर विशेष रूप से उपस्थित रहे। पुलिसकर्मियों के तनावपूर्ण और चुनौतीपूर्ण कार्य जीवन को ध्यान में रखते हुए उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने हेतु योग को उनकी दिनचर्या में शामिल किया जा रहा है। इसी उद्देश्य से वाहिनी द्वारा सतत योग एवं ध्यान सत्रों का आयोजन किया जा रहा है। योग दिवस कार्यक्रम में उप पुलिस महानिरीक्षक (विसबल) मध्य क्षेत्र युसूफ कुरैशी, सेनानी हितेश चौधरी, उप सेनानी डेनियल जोज़फ तथा उप पुलिस अधीक्षक कमला रावत भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर 340 अधिकारी-कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी करते हुए योगाभ्यास किया। योग प्रशिक्षक वर्षा परिहार, दीक्षा शर्मा एवं रेशम मेड़ा द्वारा सामूहिक योग सत्र का संचालन किया गया। सभी उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया।