भगवान परशुराम जी का जन्म अधर्मियों का नाश के लिए हुआ- शिवराज सिंह चौहान

पूर्व मुख्यमंत्री, भोपाल लोकसभा प्रत्याशी, जिलाध्यक्ष, पूर्व मंत्री ने गुफा मंदिर स्थित भगवान परशुराम की प्रतिमा के दर्शन कर किया पूजन-अर्चन

सुखदेव सिंह अरोड़ा,भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं विदिशा लोकसभा प्रत्याशी शिवराज सिंह चौहान, लोकसभा प्रत्याशी आलोक शर्मा, पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा एवं भोपाल जिलाध्यक्ष सुमित पचौरी ने भगवान विष्णुजी के छठवें अवतार भगवान परशुराम जी के जन्मोत्सव पर गुफा मंदिर भोपाल में भगवान परशुराम जी की पूजा अर्चना एवं रुद्र अभिषेक किया एवं भगवान परशुराम जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर भोपाल महापौर मालती राय, हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा,अंशुल तिवारी एवं समाज के समस्त वरिष्ठ जन मौजूद रहे।

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दुनिया के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता हैं। इंडी गठबंधन वाले तो आपस में ही लड़ रहे हैं। कह रहे हैं कि बाद में तय कर लेंगे और ये भी कह रहे हैं कि, बारी-बारी से प्रधानमंत्री बन जाएंगे। ऐसे हाथों में देश नहीं जाने देंगे। चौहान ने कहा कि आज भगवान परशुराम जी की जयंती है। भगवान परशुराम जी का जन्म अधर्मी पापी और क्रूर राजाओं का नाश करने के लिए हुआ था। भगवान परशुराम कलयुग में मौजूद आठ चिरंजीवी में से एक हैं जो आज भी धरती पर मौजूद हैं। चौहान ने कहा कि अक्षय तृतीया के दिन जन्म लेने के कारण ही भगवान परशुराम की शक्ति भी अक्षय थी।

पूर्व मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि भगवान राम की जन्मभूमि अयोध्या में दिव्य और भव्य राममंदिर का निर्माण हुआ और रामलला विराजमान हुए। बहनें घरों में दीप जला रही थी, हर छत पर भगवा पताकाएं लहरा रही थी, पूरा देश खुशियां मना रहा था, लेकिन केवल कांग्रेस पार्टी रो रही थी।

लोकसभा प्रत्याशी आलोक शर्मा ने भोपाल एवं प्रदेशवासियों की सुख समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि अपने ज्ञान, शौर्य व तपोबल से न्याय की स्थापना करने वाले भगवान श्री परशुराम की जयंती पर उनको नमन करता हूं। इस अवसर पर श्री श्री 1008 महन्त श्री रामप्रवेश दास महाराज, विधायक रामेश्वर शर्मा, महापौर मालती राय, कैलाश मिश्रा, पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुरेश पचौरी एवं परशुराम बोर्ड के अध्यक्ष विष्णु राजोरिया, जगदीश यादव, गिरीश शर्मा, मनोज राठौर, चंद्रशेखर तिवारी सहित पार्टी कार्यकर्ता एवं समाज के वरिष्ठ जन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *