अन्त्योदय, एकात्म मानववाद और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद हमारे मूल सिद्धांतः हितानंद

प्रदेश संगठन महामंत्री ने कहा हर बूथ 51 प्रतिशत वोट शेयर का लक्ष्य पूरा करें

छिंदवाडा में नगरीय निकाय जनप्रतिनिधियों के प्रशिक्षण वर्ग में हुए शामिल

 

 छिंदवाड़ा। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश के 38 स्थानों पर नगरीय निकायों के महापौर, अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं पार्षदों के प्रशिक्षण वर्ग आयोजित कर रही है। जिसकी शुरूआत रविवार को छिंदवाडा से हुई। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद, ने छिंदवाडा के पूजा शिविर लॉन में एक दिवसीय नगरीय निकाय जनप्रतिनिधियों के वर्ग का शुभारंभ किया। संगठन महामंत्री ने सत्र को संबोधित करते हुए 51 प्रतिशत वोट शेयर बढाने का जनप्रतिनिधियों को मंत्र दिया।

हितानंद जी ने प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ करते हुए कहा कि एक बहुदलीय लोकतांत्रिक संसदीय प्रणाली में किसी भी पार्टी का मूल्यांकन तीन मापदंडों के आधार पर किया जाना चाहिए, एक पार्टी का आंतरिक लोकतंत्र, दूसरा पार्टी का सिद्धांत और तीसरा सत्ता में आने पर सरकार की कार्यपद्धति। उन्होंने कहा कि भाजपा सभी दलों से अलग है क्योंकि आज देश में मौजूद लगभग 1650 छोटे बडे राजनैतिक दल है, उन सब में भाजपा ही एकमात्र ऐसा दल है, जिसके अंदर आंतरिक लोकतंत्र बचा हुआ है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनसंघ की स्थापना सत्ता प्राप्त करने के लिए नहीं बल्कि सिद्धांतों के आधार पर देश को एक वैकल्पिक नीति देने के लिए हुई थी। 1950 से 2022 तक की जनसंघ से भारतीय जनता पार्टी की यात्रा अन्त्योदय, एकात्म मानववाद और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की यात्रा रही है, यहीं हमारे मूल सिद्धांत है। भारतीय जनता पार्टी सिद्धांतों और आदर्शों पर आधारित राजनीतिक दल है। यह किसी परिवार, जाति या वर्ग विशेष की पार्टी नहीं है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केन्द्र की भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने देश के विकास और गरीब कल्याण के लिए लगभग 106 योजनाओं शुरूआत की है इनमें से एक भी योजना ऐसी नहीं है जो किसी एक वर्ग विशेष के लिए बनी हो ये सभी योजनाएं सर्वस्पर्शी एवं सर्वसमावेशी है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की शिवराज सरकार इन सभी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सफल रही है ।

हमारा टारगेट बूथ पर भाजपा का 51 प्रतिशत वोट शेयर

हितानंद जी ने कहा कि चुनावी दृष्टि से हमारा वोट शेयर जितना अधिक होगा, हमारी जीत भी उतनी बड़ी होगी। पार्टी नेतृत्व ने प्रत्येक बूथ पर 51 प्रतिशत वोट शेयर का लक्ष्य निर्धारित किया है। किस तरह हमारा वोट प्रतिशत बढे इसके लिए हमें टारगेट बनाकर काम करना है। उन्होंने कहा कि सभी जनप्रतिनिधि कार्यकर्ताओं के साथ इस लक्ष्य प्राप्ति में लग जाएं। हम हर बूथ पर जीत हासिल करेंगे। वोट शेयर बढ़ाने में नगरीय निकाय के जनप्रतिनिधियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। हितानंद जी ने कहा कि हम एक बड़े लक्ष्य और विचार के लिए काम कर रहे है। हमारा विचार आगे बढे इसके लिए हमें हर बूथ को मजबूत बनाना होगा। हर बूथ तक हमारी योजनाएं पहुंच रही है। हमें हितग्राहियों से संवाद कर उन्हें पार्टी की विचारधारा से जोड़ना है। सत्र की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष विवेक बंटी साहू ने की।

अलग अलग सत्रों में पार्टी नेताओं ने किया संबोधित। प्रशिक्षण वर्ग में द्वितीय सत्र को सिवनी के पूर्व विधायक नरेश दिवाकर ने भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं (अंत्योदय से नगरोदय), तृतीय सत्र ‘लोक व्यवहार’ विषय पर पूर्व जिलाध्यक्ष सदानंद गोडबोले, चतुर्थ सत्र बढ़ता भारत, बढता मध्यप्रदेश विषय पर उदय ठाकुर एवं सोशल मीडिया व मीडिया की भूमिका विषय पर पंचम सत्र को आकाश सेन संबोधित किया। सत्र में नगरीय निकायों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं पार्षदगण शामिल हुए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *