लोकसभा प्रत्याशी के प्रबल दावेदार दर्शन सिंह

मध्य प्रदेश राजस्थान एवं छत्तीसगढ़ में भाजपा के शानदार प्रदर्शन को लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व एवं कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल हैं। प्रदेश के नर्मदापुरम लोक सभा क्षेत्र से विधानसभा चुनाव में भाजपा से केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल, सांसद उदय प्रताप सिंह सहित सभी भाजपा प्रत्याशियों की विजय के पश्चात अब आगे भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी के लिए भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी दर्शन सिंह का नाम प्रबल दावेदार के रूप में तेजी से चर्चा में है। दरअसल होशंगाबाद लोक सभा क्षेत्र से सांसद राव उदय प्रताप सिंह गाडरवारा विधानसभा सीट से विधायक चुने गए हैं। जिनकी प्रदेश में मंत्री बनने की भी पूरी संभावना है। इस परिस्थिति में चौधरी दर्शन सिंह की सबसे प्रबल दावेदारी उभर कर आ रही है। भाजपा किस पर दांव लगाती है। यह आने वाले कुछ ही दिनों में साफ हो जायेगा। लेकिन फिलहाल कार्यकर्ताओं के बीच लोकसभा प्रत्याशी के लिए चौधरी दर्शन सिंह का नाम चर्चा का विषय बना हुआ हैं।

हालही में मध्यप्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी दर्शन सिंह ने प्रदेश की ग्रामीण क्षेत्र से आने वाली संपूर्ण विधानसभा क्षेत्रों में नमो शिव किसान चौपाल के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की किसान हितैषी जन कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया। माना जाता है कि इस विधानसभा चुनाव में विशेष रूप से प्रदेश में महिलाओं एवं किसानों ने भाजपा का परचम लहराया है। नर्मदापुरम लोकसभा क्षेत्र की सबसे चुनौतीपूर्ण तेंदूखेड़ा विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी दर्शन सिंह को मुख्य रूप से सौंपी गई थी। पार्टी को जीत दिलाने में जुटे दर्शन सिंह प्रदेश की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में प्रवास के साथ तेन्दुखेडा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर, घर-घर संपर्क कर जीत दिलाने में सफल हुए। यदि पिपरिया विधानसभा क्षेत्र की बात करें तो इस बार यह सीट स्थानीय प्रवल विरोध के कारण कांग्रेस के खाते में जाती नजर आ रही थी। यद्यपि विरोधियों का भी प्रयास रहा कि किसी भी प्रकार दर्शन सिंह इस क्षेत्र में न आए तो अच्छा है लेकिन चुनाव के कुछ दिन पूर्व ही दर्शन सिंह ने शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर गृह क्षेत्र में डेरा डाल दिया और पिपरिया विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों में सघन प्रवास कर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर विरोधी लहर को दूर करने में सफल हुए। चौधरी दर्शन सिंह आमतौर पर किसान नेता के नाम से जाने जाते हैं । भारतीय जनता पार्टी में आने से पहले आपने विभिन्न संगठनों में अपनी जिम्मेदारी को निभाया है । वर्तमान में आप भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी देख रहे हैं। अपने ओजस्वी भाषणों और समर्पित भाव से कार्य करने के कारण आप किसानो एवं आम जनता के बीच काफी लोकप्रिय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *