मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने वार्ड 75 में विभिन्न विकास कार्यों का किया भूमिपूजन

न्यू जेल क्षेत्र की समस्त डामरीकृत सड़कों का होगा नवीनीकरण

भोपाल सुखदेव सिंह अरोड़ा।

चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने शुक्रवार को नरेला विधानसभा अंतर्गत वार्ड 75 के न्यू जेल क्षेत्र में समस्त आंतरिक डामरीकृत सड़कों के नवीनीकरण कार्य का रहवासियों के साथ भूमिपूजन किया। क्षेत्रीय नागरिकों ने इस अवसर पर मंत्री सारंग का आतिशबाजी व पुष्पवर्षा के साथ पुष्पहार पहनाकर भव्य स्वागत किया। इस मौके पर मंत्री सारंग ने आमजनों को संबोधित करते हुए कहा कि नरेला विधानसभा में क्षेत्रवासियों की आकांक्षाओं के अनुरूप क्षेत्र के विकास और प्रगति को निरंतर गति दी जा रही है, न्यू जेल के आसपास प्रशासकीय व आवासीय परिसरों की 10 किमी लंबी समस्त डामरीकृत सड़कों के नवीनीकरण से नागरिकों को बहुत सुविधा होगी। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य जन, कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

नरेला विधानसभा में विकास कार्य अनवरत जारी

मंत्री सारंग ने कहा कि नरेला विधानसभा में लगातार सभी वार्डों में विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2008 के पहले के नरेला और आज के नरेला में अंतर स्पष्ट नज़र आता है। पहले क्षेत्रवासियों को पेयजल के लिये पानी के टैंकरों पर निर्भर रहना पड़ता था, वहीं अब हर घर नर्मदा जल पहुंचाया जा रहा है। नीचली बस्तियों में वर्षा ऋतु में पानी के भराव के कारण बाढ़ की स्थिति बन जाती थी। वहीं अब क्षेत्र में करोड़ों की लागत से नालियों का निर्माण कर उनका चैनेलाइजेशन किया गया है, जिससे बाढ़ की स्थिति नहीं बनती है। मंत्री सारंग ने कहा कि संपूर्ण क्षेत्र की मैपिंग कर यह सुनिश्चित किया है कि क्षेत्र का कोई भी रास्ता सीसी सड़क व नाली निर्माण से अछूती नहीं रहेगी।

क्षेत्रवासियों की समस्या सुन तत्काल अधिकारी को कॉल कर दिये निर्देश

भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान न्यू जेल कॉलोनी की स्थानीय जनता ने पेयजल के कम प्रेशर को लेकर मंत्री सारंग से गुहार लगाई। इसपर मंत्री सारंग ने तत्काल सम्बंधित अधिकारी को कॉल कर समस्या के निदान हेतु निर्देशित किया। मंत्री सारंग ने जेल आवासीय क्षेत्र में स्थित खेल मैदान के उन्नयन की भी घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने केंद्रीय जेल के पास बंदियों से मिलने आने वाले परिवारजनों के लिये शेड बनवाने की भी घोषणा की।

लाडली बहनों का जीवन होगा समृद्ध

मंत्री सारंग ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा 1 करोड़ 25 लाख से अधिक महिलाओं को मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना के तहत उनके खाते में 1 हजार रूपये की राशि प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री चौहान की इस पहल से प्रदेश की अनेक लाडली बहनों के जीवन में समृद्धि का प्रवेश होगा। इस योजना से वे आत्म निर्भर बन सकेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *