सुप्रसिद्ध कथा वाचक पं. प्रदीप मिश्रा सीहोर वाले की भोपाल में निकली शोभायात्रा

चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने किया शोभायात्रा का भव्य स्वागत

पं. मिश्रा के दर्शन के लिये उमड़ा जनसैलाब

10 जून से पीपुल्स मॉल के पीछे 55 एकड़ में शुरू होगी श्री शिवमहापुराण कथा

भोपाल सुखदेव सिंह अरोड़ा। शुक्रवार को पं. प्रदीप मिश्रा के भोपाल आगमन पर नरेला विधानसभा अंतर्गत अन्ना नगर चौराहे से स्वामी विवेकानंद पार्क नेहरू चौराहा तक हजारों वाहनों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यहां चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया। इस दौरान शहर के सामाजिक संगठनों व हजारों की संख्या में शहरवासियों द्वारा जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। कल शनिवार से भाजपा के संस्थापक सदस्य स्व. कैलाश सारंग एवं उनकी धर्मपत्नी स्व. प्रसून सारंग की पुण्यस्मृति में पं. प्रदीप मिश्रा के मुखारविंद से श्री शिव महापुराण का आयोजन पीपुल्स मॉल के पीछे 55 एकड़ के मैदान में किया जा रहा है।

पं श्री मिश्रा के दर्शन के लिये उमड़ा जनसैलाब

शोभा यात्रा के दौरान नरेला विधानसभा क्षेत्र में पं. श्री मिश्रा के दर्शन पाने के लिये श्रद्धालुओं में बेहद उत्साह देखने को मिला। अन्ना नगर चौराहे से स्वामी विवेकानंद पार्क नेहरू चौराहे तक विभिन्न कॉलोनियों में निकाली गई यात्रा का सभी श्रद्धालुओं ने जोरदार स्वागत किया। यात्रा के लिए विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं स्वयंसेवी संगठनों की ओर से सैकड़ों स्थानों पर स्वागत द्वार बनाए गए थे, जहां से शोभा यात्रा पर पुष्प वर्षा की गई। यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए शीतल पेयजल और शर्बत की भी व्यवस्था की गई थी। इस दौरान स्थानीय रहवासियों ने ढोल नगाडों के साथ ही जोरदार पुष्पवर्षा की जिससे शोभायात्रा मार्ग पर पुष्पों की लगभग 2 इंच मोटी परत दिखाई देने लगी। सभी श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ से सुख-समृद्धि की कामना कर पं. मिश्रा का आशीर्वाद प्राप्त किया।

यहां से निकली शोभा यात्रा

पं. मिश्रा की गरिमामयी उपस्थिति में शोभायात्रा नरेला विधानसभा अंतर्गत अन्ना नगर चौराहे से प्रारंभ हुई। यह यात्रा शाखा ग्राउंड, सुभाष मार्केट, विकास नगर शिव मंदिर, कैलाश नगर, पुराना नगर मुख्य मार्ग, भारती निकेतन, जनता क्वार्टर हनुमान मंदिर से स्वाभीमान चौक रचना नगर, चार मंदिर, मेहता मार्केट, सुभाष खेल मैदान, जोन कार्यालय, गोविंद गार्डन, अप्सरा, पंजाबी बाग, चंद्र स्वीट्स, परिहार चौराहा, अन्नपूर्णा भोजनालय, अशोका गार्डन थाना, संगम टेंट हाउस, भोपाल अकादमी से संतोषी माता मंदिर, पुष्पा नगर चौराहा, महामाई मंदिर, हबीबिया चौराहा, सुभाष कॉलोनी मुख्य मार्ग, स्टेशन रोड, चांदबड़, विजय नगर, सेमरा मंडी चौराहा, दुर्गा मंदिर, सौभाग्य नगर, सुभाष कॉलोनी मुख्य मार्ग, सम्राट कॉलोनी, राम जानकी मंदिर से स्वामी विवेकानंद पार्क नेहरू चौराहा पर संपन्न हुई।

10 जून से पीपुल्स मॉल के पीछे 55 एकड़ में शुरू होगी श्री शिवमहापुराण कथा

मंत्री सारंग ने बताया कि भोपाल में पहली बार इतने वृहद स्तर पर धार्मिक आयोजन किया जा रहा है। पूज्य माता-पिता स्व. श्री कैलाश नारायण सारंग व स्व. श्रीमती प्रसून सारंग की पुण्य स्मृति में सुप्रसिद्ध कथावाचक पं. श्री प्रदीप मिश्रा के मुखारविंद से 10 जून से 14 जून तक दोपहर 2 से 5 बजे श्री शिवमहापुराण कथा का आयोजन होने जा रहा है। उन्होंने बताया कि 5 दिवसीय कथा में 5 लाख से अधिक श्रद्धालुओँ के शामिल होने का अनुमान है। कथा में पधारे श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा ना हो इसके लिये कथा स्थल पर व्यापक व्यवस्था की गई है।

कथा स्थल पर भोपाल से बाहर के श्रद्धालुओं के लिये भोजन व रहने की व्यवस्था

श्री शिवमहापुराण कथा में शामिल होने के लिए हजारों भक्त भोपाल पहुंचे गये हैं। भोपाल के विभिन्न मंदिरों एवं धर्मशालाओं में उनके रहने व भोजन की व्यवस्था की गई है। वहीं कथा स्थल पर भी व्यापक व्यवस्था की गई है। कथा स्थल पर गर्मी से बचाने के लिए 300 से ज्यादा कूलर के साथ ही वाटर स्प्रिंकलर भी लगाए गए हैं। तीन बड़े डोम के आस पास भी छोटे-छोटे टेंट लगाए गए हैं। कथा में पहुचने के लिए 11 द्वारों से प्रवेश की व्यवस्था की गई है। हर द्वार पर सहायता केंद्र बनाये गये हैं जहां सेवादार रहेंगे जो श्रद्धालुओं को कथा स्थल तक पहुंचने में मदद करेंगे। भोपाल से बाहर से आने वाले 50 हजार से ज्यादा स्थाई लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था होगी। तो वहीं दैनिक दिनचर्या के लिए 700 से ज्यादा स्थाई टॉयलेट भी बनाए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *