शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस का शारीरिक रूप से दक्ष होना जरूरी :आईजी इरशाद वली

अंतर वाहिनी क्रीड़ा प्रतियोगिता-2023 का हुआ शुभारंभ

5 से 8 मई तक आयोजित प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी 9 वाहिनियों की टीम मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देश पर पुलिस को दक्ष बनाने का प्रयास

भोपाल सुखदेव सिंह अरोड़ा।

मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देश पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दक्ष बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। डीजीपी सुधीर कुमार सक्सेना के मार्गदर्शन में पुलिस अपनी शारीरिक क्षमताओं को बढ़ाते हुए व्यावसायिक दक्षता भी सिद्ध कर रही है। इसी तारतम्य में मध्यप्रदेश में विशेष सशस्त्र बल (विसबल) दक्षिणी क्षेत्र अन्तर वाहिनी कीड़ा प्रतियोगिता-2023 का आयोजन 5 से 8 मई 2023 तक 7वीं वाहिनी विसबल द्वारा भोपाल में किया जा रहा है। जिसमें अलग-अलग वाहिनियों के 309 प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं। शुक्रवार को मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में इसका शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में इरशाद वली, पुलिस महानिरीक्षक, विशेष सशस्त्र बल भोपाल रेन्ज उपस्थित रहे। इस अवसर पर इरशाद वली ने कहा कि शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस का शारीरिक रूप से दक्ष होना जरूरी है। नागरिकों की सुरक्षा के लिए मध्यप्रदेश पुलिस प्रतिबद्ध है। यह प्रतियोगिता खेल भावना जागृत करने और पुलिस को व्यावसायिक रूप से दक्ष बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। कार्यक्रम में स्वागत भाषण नवनीत भसीन, उप पुलिस महानिरीक्षक विसबल मध्यक्षेत्र भोपाल ने दिया, वहीं अतुल सिंह, कमान्डेट 7वी वाहिनी ने खिलाड़ियों को शपथ दिलाई।

शारीरिक दक्षता बढ़ाती है खेल प्रतियोगिताएं आईजी इरशाद वली

भोपाल रेंज के आईजी इरशाद वली ने कहा कि पुलिस इकाईयों में कर्मचारियों के मध्य प्रतिदिन साध्यकालीन खेलों का आयोजन किये जाने की परंपरा रही है जिससे कर्मचारियों एवं अधिकारियों का स्वास्थ्य अच्छा रहता है एवं उनमें डयूटी के प्रति सजगता बनी रहती है। खेल प्रतियोगिताओं के आयोजनों से व्यावसायिक दक्षता और शारीरिक क्षमताएं परिवक्व होती हैं। इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन विसबल दक्षिणी जोन भोपाल की टीम के लिए किया जाएगा, जो निकट भविष्य में आयोजित होने वाली मध्यप्रदेश पुलिस राज्य स्तरीय वार्षिक क्रीडा प्रतियोगिता-2023 में भाग लेंगी।

हाँकी एवं दौड़ प्रतियोगिता में ये रहे विजेता 

अंतर वाहिनी क्रीडा प्रतियोगिता-2023 के प्रथम दिवस हॉकी एवं 1500 मीटर दौड़ का आयोजन किया गया। हॉकी स्पर्धा में 7वीं वाहिनी विसबल, भोपाल की टीम विजेता रही। उपविजेता 8वीं वाहिनी विसबल छिन्दवाड़ा की टीम रही। उद्‌द्घाटन सत्र के दौरान हुई 1500 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में केवल 4 मिनट 31 सेकंड में अपने लक्ष्य को पूरा करते हुए 23वीं वाहिनी, भोपाल के प्रतिभागी मुकेश खपेड़ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। दूसरे स्थान पर 35वीं वाहिनी के मंडला के प्रतिभागी संजय भील द्वितीय और 9वीं वाहिनी रीवा के प्रतिभागी सीताराम धुर्वे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। दौड़ के विजेताओं को मुख्य अतिथियों के हाथों मैडल देकर सम्मानित किया गया।

वर्ष 1982 से आयोजित की जा रही प्रतियोगिताएं 

पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के शारिरिक स्वास्थ्य में सुधार एवं प्रतियोगिता की भावना विकसित करने के उद्देश्य से अन्तरवाहिनी एवं अन्तरजिला प्रतियोगिताएँ प्रदेश पुलिस मे वर्ष 1982 से आयोजित करायी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *