चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास कैलाश सारंग के नेतृत्व में नरेला के वार्ड 71 में पहुंची विकास यात्रा

नेहरु स्कूल तिराहे से स्टेशन तक बनेगा फ्लाईओवर – मंत्री सारंग

भोपाल।चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने नरेला के वार्ड 71 में जनता के बीच पहुंचकर केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी तथा विगत 15 वर्षों में नरेला विधानसभा क्षेत्र में हुए विकास कार्यों के बारे में भी बताया। इस दौरान स्थानीय रहवासियों ने मंत्री सारंग के समक्ष अपनी समस्याएं भी रखी। जिस पर उन्होंने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को समस्या के शीघ्र समाधान करने के लिये निर्देशित किया। सारंग ने नेहरु स्कूल तिराहे अशोका गार्डन से स्टेशन तक फ्लाईओवर बनाये जाने की घोषणा भी की।

नेहरु स्कूल तिराहे से स्टेशन प्लेटफार्म नम्बर 01 तक बनेगा फ्लाईओवर

विकास यात्रा के दौरान सारंग ने नेहरु स्कूल तिराहे अशोका गार्डन से स्टेशन के प्लेटफार्म नम्बर 1 तक फ्लाईओवर बनाये जाने की घोषणा की जिसकी लम्बाई लगभग ढ़ाई किलोमीटर होगी। उन्होंने कहा कि यह सड़क अति व्यस्त सड़क हो गयी है और स्टेशन जाने के लिए यह सीधी सड़क है इसलिए इस सड़क पर यातायात का अत्यधिक दबाव है और जाम की स्थिति निर्मित होती रहती है| निशातपुरा फ्लाईओवर बन जाने के बाद व स्टेशन के सीधे भानपुर से जुड़ने के बाद इस रोड़ पर यातायात का दबाव और बढ़ जायेगा इसलिए नेहरु स्कूल तिराहे अशोका गार्डन से स्टेशन के प्लेटफार्म नम्बर 1 तक फ्लाईओवर बनाया जायेगा। फ्लाईओवर के निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार हो गया है जल्दी ही इसकी औपचारिक कार्यवाही पूरी हो जाएगी।

 

विकास पथ पर निरंतर आगे बढ़ रहा नरेला

मंत्री सारंग ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि 2008 के पहले क्षेत्र में पेयजल, बिजली, पक्की सड़के जैसी मूलभूत सुविधाएं से रहवासी वंचित थे। लेकिन वर्ष 2008 के बाद हर घर नर्मदा जल, अपना खुद का आदर्श ड्रेनेज सिस्टम, करोड़ों की लागत से क्षेत्र में सड़कों का जाल, बिजली के लिये सब स्टेशनों की स्थापना जैसी मूलभूत सुविधाओं के साथ ही क्षेत्र के समग्र विकास के लिये 6-6 फ्लाईओवरों की सौगात क्षेत्रवासियों को मिली है। उन्होंने कहा कि क्योंकि विकास एक सतत प्रक्रिया है इसीलिये नरेला क्षेत्र में विकास कार्य निरंतर जारी हैं।

 

महिला सशक्तिकरण की मिसाल बनेगी लाडली बहना योजना

मंत्री सारंग ने क्षेत्र की महिलाओं के संवाद किया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं के राज्य सरकार द्वारा प्रारंभ की जा रही “लाडली बहना योजना” के बारे में जागरूक किया। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत 23 से 60 वर्ष तक की महिलाओं के खाते में प्रतिमाह 1000 रूपये की राशि सरकार द्वारा प्रदान की जायेगी। वहीं 60 वर्ष से अधिक उम्र के लिये वृद्धावस्था पेंशन योजना को 1000 रूपये प्रतिमाह किया जायेगा। यह योजना प्रदेश की महिलाओं को सशक्त करने की दिशा में अनुकरणीय मिसाल बनेगी।

यहां होंगे विकास कार्य

मंत्री सारंग ने वार्ड 71 में दशहरा मैदान से मस्जिद तक सीसी रोड, सम्राट कॉलोनी में सीसी रोड व डामरीकरण, दशमेश नगर कॉलोनी में नाली निर्माण व सुन्दर नगर में नाली और सड़क निर्माण का भूमिपूजन किया। सारंग ने वार्ड 71 की समस्त सड़कों के डामरीकरण कराए जाने की घोषणा की। सारंग ने अशोका गार्डन दशहरा मैदान के विकास और सौन्दर्यीकरण कराने की भी घोषणा की|

नागरिकों ने तिलक लगाकर एवं पुष्पवर्षा कर जताया आभार

मंत्री सारंग के नेतृत्व में नरेला विधानसभा अंतर्गत वार्ड 71 में विकास यात्रा नेहरु स्कूल चौराहा अशोका गार्डन से प्रारंभ होकर सम्राट कॉलोनी, दशमेश नगर, सुन्दर नगर, प्रगति नगर, गुप्ता कॉलोनी, अशोका गार्डन ए सेक्टर होते हुए वार्ड कार्यालय पहुंची जहाँ पर विकास यात्रा का समापन हुआ। इस दौरान रहवासियों ने क्षेत्र में हर घर नर्मदा जल पहुंचाने, नाले-नालियों के निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्यों के लिये मंत्री सारंग को तिलक लगाकर एवं उनपर पुष्पवर्षा कर आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *