कोहेफिजा पुलिस ने शातिर आरोपी को दबोचा; एक्टिवा, आईफोन-16 और पुलिस की वर्दी समेत 1.80 लाख का माल बरामद
भोपाल। कोहेफिजा पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में शातिर आरोपी देवलाल बरकड़े उर्फ मोनू को गिरफ्तार किया है। आरोपी चोरी की एक्टिवा से शहर में पुलिस की वर्दी पहनकर घूम रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की एक्टिवा, आईफोन-16 और पुलिस की वर्दी शर्ट, पैंट, बेल्ट व जूते समेत करीब 1.80 लाख रुपए का माल बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 22 अगस्त को इंद्रविहार कॉलोनी निवासी नीलू साहू की एक्टिवा हमीदिया अस्पताल परिसर स्थित मेटर्निटी ऑफिस से चोरी हो गई थी। वाहन में रखा आईफोन-16 भी आरोपी ले गया था।
जांच के दौरान 2 सितंबर को फरियादी के पास ट्रैफिक सिग्नल जंप करने का चालान पहुंचा। चालान में लगी तस्वीर में चोरी की एक्टिवा चलाने वाला व्यक्ति खाकी वर्दी में दिखाई दिया। पुलिस ने इसके आधार पर आरोपी का रूट ट्रैक किया और शहर में लगे करीब 100 से 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके बाद आरोपी की पहचान देवलाल बरकड़े उर्फ मोनू के रूप में हुई, जिसे पुलिस ने पुलिस की वर्दी में गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में उसके कब्जे से चोरी की एक्टिवा और आईफोन-16 बरामद हुए। पुलिस की वर्दी पहनने के संबंध में भी पूछताछ की गई और मामले में वैधानिक धाराएं बढ़ाई गईं। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।