पुराने भोपाल की ट्रैफिक व्यवस्था पर सांसद आलोक शर्मा सख्त, बैरिकेडिंग हटाने और वन-वे उल्लंघन पर कार्रवाई के निर्देश

भोपाल। पुराने भोपाल के बाजार क्षेत्रों में लगातार लग रहे जाम, अनावश्यक बैरिकेडिंग और अतिक्रमण की समस्या को लेकर सांसद आलोक शर्मा ने शनिवार को पुलिस कमिश्नर संजय कुमार के साथ बैठक की। बैठक में भोपाल चेंबर ऑफ कॉमर्स सहित विभिन्न व्यापारी संगठनों ने बाजारों की यातायात व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं सांसद के सामने रखीं।

व्यापारियों ने मोती मस्जिद के पास बैरिकेडिंग, सुल्तानिया रोड, इमामी गेट और इकबाल मैदान क्षेत्र में अतिक्रमण के कारण आवागमन प्रभावित होने की बात कही। इस पर सांसद शर्मा ने मोती मस्जिद से सदर मंजिल की ओर जाने वाले मार्ग पर की गई अनावश्यक बैरिकेडिंग हटाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए विपरीत दिशा में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाए, ताकि बाजार क्षेत्र में यातायात सुचारू रह सके। सांसद ने कहा कि पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और जिला प्रशासन को ऐसी व्यवस्था बनानी चाहिए, जिससे आम नागरिकों के साथ व्यापारियों को भी अनावश्यक परेशानी न हो।

बैठक में इकबाल मैदान के आसपास सड़क किनारे लगने वाले फल-सब्जियों के ठेलों का मुद्दा भी उठा। सांसद ने कहा कि अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है, इसलिए व्यवस्थित कार्रवाई की जरूरत है। साथ ही ठेले-खोमचे वालों के लिए वैकल्पिक एवं व्यवस्थित स्थान की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया, ताकि यातायात व्यवस्था सुधरे और लोगों का रोजगार भी प्रभावित न हो।

पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने सांसद को आश्वस्त किया कि आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। संबंधित क्षेत्रों का यातायात विशेषज्ञों से सर्वे कराया जाएगा और रिपोर्ट के आधार पर जनहित में उचित निर्णय लिया जाएगा।

बैठक में भोपाल चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष गोविंद गोयल सहित विभिन्न व्यापारी संगठनों के पदाधिकारी और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *