अब सवाल उठना चाहिए: बच्चों को भी क्यों न मिले सप्ताह में दो दिन का सुकून?

देश में जब कार्य-संस्कृति को संतुलित बनाने के उद्देश्य से अधिकांश सरकारी कार्यालयों, अनेक निजी संस्थानों और बड़ी कंपनियों में शनिवार एवं रविवार की साप्ताहिक छुट्टी वर्षों से लागू है, तब यह सवाल स्वाभाविक है कि क्या स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों को भी सप्ताह में दो दिन विश्राम का अधिकार नहीं मिलना चाहिए? विशेष रूप से आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए इस व्यवस्था पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए।

आज का स्कूली बच्चा सुबह जल्दी उठता है और देर शाम तक पढ़ाई, होमवर्क, ट्यूशन तथा परीक्षाओं की तैयारी में व्यस्त रहता है। अधिकांश स्कूलों का समय भी लंबा हो चुका है। पढ़ाई का बढ़ता दबाव, भारी स्कूल बैग और लगातार प्रतियोगिता के माहौल ने बच्चों के बचपन को सीमित कर दिया है। खेलकूद, रचनात्मक गतिविधियाँ, पारिवारिक संवाद और मित्रों के साथ बिताया जाने वाला समय लगातार कम होता जा रहा है।

मनोवैज्ञानिकों और शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि लगातार पढ़ाई और पर्याप्त विश्राम का अभाव बच्चों के मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य को प्रभावित करता है। तनाव, चिड़चिड़ापन, थकान, एकाग्रता में कमी और आत्मविश्वास में गिरावट जैसी समस्याएँ अब कम उम्र में ही दिखाई देने लगी हैं। यदि हम आज की पीढ़ी की तुलना कुछ वर्ष पहले के बच्चों से करें तो साफ महसूस होता है कि आज का बचपन पहले की अपेक्षा कहीं अधिक दबाव में जी रहा है।

वर्तमान व्यवस्था में सप्ताह में केवल एक दिन रविवार की छुट्टी होती है, लेकिन वह दिन भी अक्सर होमवर्क, प्रोजेक्ट, कोचिंग और अधूरी नींद पूरी करने में निकल जाता है। परिणामस्वरूप बच्चों को वास्तविक विश्राम नहीं मिल पाता। यदि शनिवार और रविवार दोनों दिन अवकाश हों, तो एक दिन बच्चे खेलकूद, शारीरिक गतिविधियों, रचनात्मक कार्यों और अपने शौक पूरे करने में लगा सकते हैं, जबकि दूसरा दिन परिवार के साथ समय बिताने, मानसिक विश्राम और आगामी सप्ताह की तैयारी के लिए उपयोग कर सकते हैं। इससे वे अधिक ऊर्जा और उत्साह के साथ पढ़ाई कर सकेंगे।

यह व्यवस्था केवल बच्चों के लिए ही नहीं, बल्कि शिक्षकों के लिए भी लाभकारी सिद्ध हो सकती है। सप्ताह में दो दिन का अवकाश मिलने से शिक्षक पाठ योजनाओं की बेहतर तैयारी, उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन, प्रशिक्षण, पारिवारिक दायित्वों और मानसिक विश्राम के लिए पर्याप्त समय निकाल सकेंगे। इससे उनकी कार्यक्षमता और शिक्षण की गुणवत्ता में भी सकारात्मक सुधार आएगा। जब शिक्षक तनावमुक्त और ऊर्जावान होंगे, तो उसका सीधा लाभ विद्यार्थियों को मिलेगा।

दुनिया के अनेक देशों में स्कूली बच्चों के लिए सप्ताह में दो दिन का अवकाश सामान्य व्यवस्था है। वहाँ यह माना जाता है कि विश्राम भी शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। भारत में भी बच्चों के हित में समय-समय पर कई नीतियाँ बनाई गईं, जैसे स्कूल बैग का वजन कम करना और अनावश्यक शैक्षणिक दबाव घटाना, लेकिन व्यवहारिक स्तर पर अभी भी बहुत सुधार की आवश्यकता है।

हाल ही में बैंक कर्मचारियों सहित विभिन्न क्षेत्रों के कर्मचारियों ने भी कार्य-जीवन संतुलन के लिए सप्ताह में दो दिन अवकाश की माँग उठाई है। जब वयस्कों के लिए मानसिक संतुलन और पारिवारिक जीवन को महत्व दिया जा रहा है, तो बच्चों के लिए यह आवश्यकता कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है।

यदि सरकार तत्काल कोई बड़ा निर्णय नहीं ले सकती, तो स्कूल शिक्षा विभाग इस विषय पर नीति स्तर पर विचार कर सकता है। साथ ही, स्कूल प्रबंधन भी अपने स्तर पर समय-सारिणी और अवकाश व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कम-से-कम आठवीं कक्षा तक शनिवार और रविवार दोनों दिन अवकाश देने की संभावना पर विचार कर सकते हैं। यह किसी व्यवस्था के विरुद्ध नहीं, बल्कि बच्चों के समग्र विकास और बेहतर शिक्षा के पक्ष में एक सकारात्मक कदम होगा।

सरकारी हो या निजी विद्यालय, पढ़ाई का दबाव लगभग समान है। इसलिए यदि भविष्य में ऐसी कोई व्यवस्था लागू होती है, तो वह सभी विद्यालयों में समान रूप से लागू होनी चाहिए, ताकि प्रत्येक बच्चे को समान अवसर मिल सके।

बचपन केवल पाठ्यक्रम पूरा करने का समय नहीं होता, बल्कि जीवन की नींव रखने का सबसे महत्वपूर्ण दौर होता है। यदि इसी उम्र में बच्चों पर केवल बोझ डाला जाएगा, तो उसके दुष्परिणाम भविष्य तक दिखाई देंगे। अब समय आ गया है कि शिक्षा व्यवस्था केवल अंकों और परीक्षाओं तक सीमित न रहे, बल्कि बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य, पारिवारिक जीवन और संतुलित व्यक्तित्व विकास को भी समान महत्व दे।

यह लेख किसी संस्था, शिक्षक या वर्तमान व्यवस्था की आलोचना नहीं, बल्कि एक सकारात्मक विमर्श की पहल है। उद्देश्य केवल इतना है कि बच्चों, अभिभावकों और शिक्षकों—तीनों के हितों को ध्यान में रखते हुए ऐसी शिक्षा व्यवस्था विकसित हो, जिसमें पढ़ाई के साथ जीवन जीने की भी पूरी गुंजाइश हो।

अब समय आ गया है कि हम यह सवाल गंभीरता से पूछें—यदि बड़े लोगों को सप्ताह में दो दिन सुकून मिल सकता है, तो देश के भविष्य यानी हमारे बच्चों को क्यों नहीं?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *